मुरादाबाद: जेल में भाईयों की सूनी नहीं रहेगी कलाई, शर्तों के साथ रक्षा सूत्र बांध सकेंगी बहनें
मुरादाबाद,अमृत विचार। डेढ़ साल के अंतराल के बाद जिला कारागार में मिलाई शुरू हो गई है। कोविड के प्रसार के कारण 18 मार्च 2020 से मिलाई बंद कर दी गई थी। कोविड का असर कम होने पर लोग जेल में बंद अपने परिजन से मिल सकेंगे। उन्हें जेल मैनुअल के हिसाब से सामान भी दे …
मुरादाबाद,अमृत विचार। डेढ़ साल के अंतराल के बाद जिला कारागार में मिलाई शुरू हो गई है। कोविड के प्रसार के कारण 18 मार्च 2020 से मिलाई बंद कर दी गई थी। कोविड का असर कम होने पर लोग जेल में बंद अपने परिजन से मिल सकेंगे। उन्हें जेल मैनुअल के हिसाब से सामान भी दे सकेंगे। मिलाई शुरू होने से जेल में बंद भाइयों की कलाई भी सूनी नहीं रहेगी। शर्तों के साथ बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध सकेंगी।
भाइयों की सूनी कलाई पर सजेगा रक्षा सूत्र
कोरोना संक्रमण के कारण पिछले रक्षा बंधन पर जेल में बंद भाइयों की कलाई पर राखी नहीं सज पाई थी। लेकिन इस बार न तो भाइयों की कलाई सूनी रहेगी और न ही बहनों के अरमान अधूरे रहेंगे। इस बार कोविड नियमावली के तहत भाई-बहन के प्यार के पर्व रक्षाबंधन पर जेल प्रशासन किसी को निराश नहीं करेगा। जेलर ने बताया कि जेल मैनुअल के हिसाब से लोग अपने परिवार वालों से मिल सकेंगे। इस बार वह देने के लिए सामान भी ले जा सकेंगे।
मिलाई के लिए इन नियमों का करना होगा पालन
-मॉस्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य होगा।
– सेनेटाइजर, सर्जिकल ग्लब्स और सर्जिकल कैप का इस्तेमाल करना होगा।
– मिलाई के लिए 72 घंटे पहले कराई गई आरटीपीसीआर टेस्ट की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से देनी होगी।
– मिलाई करने वालों को आधार कार्ड लेकर आना होगा।
– सामान को पारदर्शी पॉलीथिन में ले जाना होगा।
– केवल पैक्ड फूड ही ले जा सकेंगे।
– मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कोविड का असर कम होने पर प्रशासन के आदेश पर मिलाई शुरू कर दी गई है। जेल मैनुअल के हिसाब से ही लोगों को उनके परिवार वालों से मिलवाया जाएगा। इस दौरान मिलाई करने वालों को जरूरी शर्तों का पालन अनिवार्य रूप से करना पड़ेगा। मृत्युंजय पांडे जेलर, जिला कारागार, मुरादाबाद
