बरेली की बेटी को मिलेगा राष्ट्रपति से पुरस्कार
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में दो शिक्षकों का नाम राष्ट्रपति पुरस्कार सम्मान पाने वालों की सूची में शामिल हुआ है जिसमें रामपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किला में सहायक अध्यापिका सामाजिक विषय के पद पर कार्यरत तृप्ति माहौर का भी नाम है। तृप्ति बरेली कॉलेज बरेली की छात्रा रहीं हैं। यह सम्मान उन्हें 05 …
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में दो शिक्षकों का नाम राष्ट्रपति पुरस्कार सम्मान पाने वालों की सूची में शामिल हुआ है जिसमें रामपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किला में सहायक अध्यापिका सामाजिक विषय के पद पर कार्यरत तृप्ति माहौर का भी नाम है। तृप्ति बरेली कॉलेज बरेली की छात्रा रहीं हैं।
यह सम्मान उन्हें 05 सितंबर को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा। तृप्ति माहौर लगभग नौ वर्षों से माध्यमिक शिक्षा विभाग में सामाजिक विज्ञान और इतिहास जैसे विषयों में शिक्षण कार्य कर रही हैं। उनकी छोटी बहन नीति माहौर डायट फरीदपुर में शिक्षाशास्त्र प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं।
तृप्ति माहौर बताती हैं कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होने पर वह काफी खुश हैं। उनकी इस सफलता में पति सौरभ कुमार गुप्ता का विशेष योगदान रहा है। तृप्ति इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं। इनकी माता पुष्प लता माहौर और पिता ओमप्रकाश माहौर रिटायर्ड मार्केटिंग इंस्पेक्टर हैं, जो बरेली में बीडीए कॉलोनी सुभाष नगर में रहते हैं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय द्विवेदी, डायट प्राचार्य शशि देवी शर्मा, डायट बरेली के सभी प्रवक्ता, एसआरजी डा. लक्ष्मी शुक्ला, एआरपी लक्ष्मी कांत शुक्ला, हिमाली गुप्ता, शिक्षक नेता प्रदीप तोमर और यूटा जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल सिंह ने तृप्ति को बधाई दी।
