बरेली: 16 महीने में बनेगा कुतुबखाना फ्लाईओवर, निर्माण की प्रक्रिया शुरू
बरेली, अमृत विचार। व्यापारियों से लंबी खींचतान के बाद कुतुबखाना चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कराने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बनाए जा रहे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में खींचतान का असर नहीं पड़ेगा। तत्कालीन मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने कुतुबखाना पर फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर जो …
बरेली, अमृत विचार। व्यापारियों से लंबी खींचतान के बाद कुतुबखाना चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कराने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बनाए जा रहे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में खींचतान का असर नहीं पड़ेगा। तत्कालीन मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने कुतुबखाना पर फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर जो फाइल खुलवायी, उसको आधार बनाते हुए अधिकारियों ने फ्लाईओवर निर्माण शुरू कराने की तैयारी शुरू कर दी है। शासन से पुल बनाने की मंजूरी मिलने के बाद सेतु निगम ने कुतुबखाना फ्लाईओवर निर्माण को लेकर निविदा निकाल दी। इससे यह तय हो गया कि फ्लाईओवर बनने की राह में अब कोई अड़चन नहीं है।
इस प्रोजेक्ट में सबसे अहम बात यह है कि फ्लाईओवर को 16 महीने में बनाने का समय निर्धारित किया गया है ताकि कुतुबखाना से लेकर कोहाड़ापीर तक के व्यापारियों को ज्यादा दिक्कतें न हों। व्यापारी पुल का विरोध इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि निर्माण कार्य शुरू होने से उनका कारोबार खत्म हो जाएगा। दिक्कतों के बीच ग्राहक दुकानों पर जाना छोड़ देंगे।
हालांकि फ्लाईओवर बनने के बाद उसके नीचे रात्रि बाजार बनाने की भी तैयारी है। इससे व्यापारियों को और सहूलियतें मिलेंगी। बरेली स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पहले कुतुबखाना फ्लाईओवर का निर्माण 136 करोड़ रुपये में कराने की बात सामने आयी थी। इसकी लंबाई 1577 मीटर रखी गयी। फ्लाईओवर कोतवाली रोड से शुरू होकर कोहाड़ापीर चौराहे तक बनना प्रस्तावित है। करीब 1377 मीटर लंबा बनेगा। लंबाई कम होने के साथ इसके बजट में भी कमी आयी है।
सेतु निगम के मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर देवेंद्र सिंह और उप प्रोजेक्ट मैनेजर बीके सेन की ओर से कुतुबखाना फ्लाईओवर के डिजाइन व निर्माण के संबंध में निकाली गयी निविदा में इसकी लागत 76.65 करोड़ रुपये बतायी गयी है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक कंपनियां अपने निविदा में भाग लेने के लिए ऑनलाइन कागजात जमाकर आवेदन कर सकेंगी। 21 अगस्त की दोपहर करीब 12.30 बजे तकनीकी बिड खोली जाएगी। सेतु निगम ने ओवरब्रिज का डिजाइन नोएडा के आर्किटेक्ट से तैयार कराया है। ओवरब्रिज के पिलर को मेट्रो पिलर की तरह बनाया जाएगा।
पहले 1600 मीटर फ्लाईओवर निर्माण को हुआ था सर्वे
अक्टूबर, 2018 में कुतुबखाना चौराहे पर 1600 मीटर का फ्लाईओवर निर्माण का सर्वे कराया गया था। सर्वे के बाद सेतु निगम ने इसका खाका तैयार कर लिया था लेकिन सेतु निगम और नगर निगम के बीच एमओयू साइन नहीं हुआ। इससे न फाइनल डिजाइन और न ही एस्टीमेट तैयार हुआ। उस वक्त मेयर डा. उमेश गौतम ने कोतवाली के पास से कुतुबखाना होते हुए कोहाड़ापीर चौराहे तक ओवरब्रिज का प्रस्ताव बनवाया था। सेतु निगम के सर्वे के अनुसार पुल की कुल लंबाई 1600 मीटर थी। इसमें मुख्य पुल 1300 मीटर का था। जिला अस्पताल गेट पर दोनों ओर डेढ़-डेढ़ सौ मीटर के ब्रांच पुल भी शामिल किये गये थे।
