काशीपुर: टीका लगाने के बहाने नवजात को लेकर महिला फरार, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। बच्चे के जन्म के बाद अपने घर जा रहे दंपती को टीका लगाने का झांसा देकर एक महिला दिनदहाड़े नवजात शिशु को लेकर फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम आरोपियों की तलाश में जुटी है। दूसरी ओर …

काशीपुर, अमृत विचार। बच्चे के जन्म के बाद अपने घर जा रहे दंपती को टीका लगाने का झांसा देकर एक महिला दिनदहाड़े नवजात शिशु को लेकर फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम आरोपियों की तलाश में जुटी है। दूसरी ओर काशीपुर में बच्चा चोर गिरोह सक्रिय होने के कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

जिला बिजनौर के अफजलगढ़ निवासी नाजिमा पत्नी विलाल ने शुक्रवार को प्रसव के दौरान एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय में नवजात शिशु को जन्म दिया। अस्पताल से डिस्चार्ज होकर वह पति के साथ घर जा रही थी। इसी दौरान मार्ग में एमपी चौक के पास खड़ी एक संदिग्ध महिला ने दम्पत्ति को रोक लिया और बच्चे को टीका लगाने की बात कहकर उसकी गोद से नवजात शिशु को लेकर चंपत हो गई। घटना के बाद दम्पत्ति को जैसे ही बच्चा गायब होने का अंदेशा हुआ उनके चेहरे पर हवाईयां उड़ गई।

शोर शराबा होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दिनदहाड़े नवजात के चोरी होने की सूचना पर पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए। विलाल ने बताया कि उसका पहला ही पुत्र था, जिसे टीका लगाने के बहाने अज्ञात महिला उनसे बच्चा लिया और फिर फरार हुई है। दंपति का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल जीबी जोशी ने दंपति की शिकायत पर मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी।

उन्होंने कहा कि एमपी चौक के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर शातिर महिला को जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा। काशीपुर में लंबे समय बाद दिनदहाड़े घटी हैरतअंगेज घटना को लेकर लोग सहमे हुए हैं। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि बच्चा चोरी की घटना संदिग्ध लग रही है। महिला भी बार-बार बयान बदल रही है। सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार