हल्द्वानी: अब परिवार के मुखिया की जाति का उल्लेख करना नहीं होगा अनिवार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नरेन्द्र देव सिंह, अमृत विचार, हल्द्वानी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने नए राशन कार्ड बनाने और उनके नवीनीकरण के लिए राशन कार्ड में परिवार की महिला मुखिया की जाति का उल्लेख करने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है। अब महिला मुखिया के पति का जाति प्रमाण पत्र भी मान्य होगा। राशन कार्ड में परिवार …

नरेन्द्र देव सिंह, अमृत विचार, हल्द्वानी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने नए राशन कार्ड बनाने और उनके नवीनीकरण के लिए राशन कार्ड में परिवार की महिला मुखिया की जाति का उल्लेख करने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है। अब महिला मुखिया के पति का जाति प्रमाण पत्र भी मान्य होगा।

राशन कार्ड में परिवार का मुखिया महिला को माना जाता है। उसके आधार पर ही राशन कार्ड तैयार किया जाता है। अमूमन हमारे यहां घर की महिला सदस्यों से जुड़े प्रमाण पत्रों बनाने को लेकर जागरूकता कम ही होती है।

इसलिए जब से यह नियम आया कि अब राशन कार्ड के नवीनीकरण और नए राशन कार्ड बनाने के लिए अब परिवार की महिला मुखिया की जाति का उल्लेख संबंधी प्रमाण पत्र को लगाना होगा तब से लोगों को काफी परेशानी होने लगी।

हाल यह रहे कि 30 हजार राशन कार्ड ऐसे थे जिनमें जाति का उल्लेख नहीं करने की वजह से उनमें नवीनीकरण या नए राशन कार्ड बनाने का काम रूक गए। इस समस्या को देखते हुए विभाग ने इस नियम में थोड़ी ढील दी है। अब परिवार के मुखिया के पति की जाति का प्रमाण पत्र भी मान्य होगा। इसके लिए महिला मुखिया का ही जाति प्रमाण पत्र हो, इसकी कोई जरूरत नहीं है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस छूट को दिए जाने के बाद अब जिन राशन कार्डों में काम रूका हुआ है अब उनमें काम तेजी के साथ शुरू हो जाएगा।

जाति के नियम का हुआ था विरोध
हल्द्वानी। राशन कार्ड से जुड़े कामों में जाति का उल्लेख किए जाने के नियम का कई समाजिक संगठनों ने विरोध किया था। इस नियम का विरोध जता चुके कांग्रेस नेता हेमंत साहू ने कहा कि यह नियम आम लोगों को परेशान करने के लिए बनाया गया है। कोविड की वजह से पहले से ही परेशान लोग अब और परेशान हो रहे हैं।

अब यह जरूरी नहीं है कि परिवार की महिला मुखिया की जाति का प्रमाण पत्र राशन कार्ड से जुड़े कामों में लगाया जाए। अब महिला मुखिया के पति की जाति का प्रमाण पत्र भी मान्य होगा।

– गिरीश जोशी, एआरओ, हल्द्वानी।

इस माह की सस्ती चीनी अभी मिलेगी
हल्द्वानी। सस्ते दरों पर दी जाने वाली चीनी इस माह भी उपलब्ध कराई जाएगी। राशनकार्ड धारकों को सस्ते दरों पर दो किलो चीनी प्रतिमाह दी जा रही है। हालांकि राज्य सरकार की ओर एपीएल राशन कार्ड धारकों को प्रतिमाह दिया जाने वाला 12.5 किलो अतिरिक्त राशन की सुविधा को अब बंद कर दिया गया है। बीपीएल राशन कार्ड धारकों को प्रतिमाह केंद्र सरकार की ओर से दिया जा रहा पांच किलो राशन दिया जा रहा है।

संबंधित समाचार