आगरा: पेट्रोल पंप कैशियर से हुई 11 लाख की लूट, चौकी इंचार्ज समेत कई पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
आगरा। यूपी के आगरा जिले में बीते 24 अगस्त को पेट्रोल पंप कैशियर से हुई 11 लाख रुपये की लूट के मामले में जिला पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज समेत 11 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों को आगरा एसएसपी ने मामले में लापरवाही बरतने के चलते लाइन …
आगरा। यूपी के आगरा जिले में बीते 24 अगस्त को पेट्रोल पंप कैशियर से हुई 11 लाख रुपये की लूट के मामले में जिला पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज समेत 11 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों को आगरा एसएसपी ने मामले में लापरवाही बरतने के चलते लाइन हाजिर किया है। इस बड़ी कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया है।
बता दें कि बीते 24 अगस्त को थाना सिकंदरा इलाके में पेट्रोल पंप के कैशियर 11 लाख रुपये से भरा बैग बैंक में जमा करने के लिए बाइक से जा रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने कैशियर से नोटों से भरा थैला छीनने का प्रयास किया। जब पेट्रोल पंप के कैशियर ने लूट का विरोध करते हुए हिम्मत दिखाई तो बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
गोलियां चलने के कारण कैशियर डर गया और पैसे से भरा बैग लूटकर बदमाश फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर एसएसपी मुनिराज जी. समेत आईजी नवीन अरोड़ा भी मौके पर पहुंच गए। आईजी नवीन अरोड़ा ने बताया कि लूट के खुलासे के लिए 7 टीमें गठित कर दीं गयीं हैं और ये टीमें बदमाशों की तलाश में जुट गईं हैं।
ये पुलिसकर्मी हुए लाइन हाजिर
एसएसपी मुनिराज ने रुनकता चौकी इंचार्ज राजीव कुमार समेत मुख्य आरक्षी राजेन्द्र सिंह, जय बहादुर, अनुज कुमार, आरक्षी भूपेंद्र सिंह धर्मेंद्र कुमार, सोनू कुमार, राजकुमार इसके अलावा यूपी 112 की पीआरवी 16 पर तैनात मुख्य आरक्षी अशोक, आरक्षी राधे श्याम और आरक्षी चालक कुलदीप को लाइन हाजिर किया है।
