हल्द्वानी: मेडिकल कॉलेज की दो और छात्राएं कोरोना पॉजिटिव
हल्द्वानी, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान एमबीबीएस की दो और छात्राएं कोरोना पॉजिटिव आईं हैं। यहां दो ही दिन में कोरोना से सात छात्राएं पॉजिटिव आ गईं हैं। कॉलेज में कक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है और कोरोना जांचों को बढ़ाया जा रहा है। एमबीबीएस की छात्राओं के कोरोना सैंपलों की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान एमबीबीएस की दो और छात्राएं कोरोना पॉजिटिव आईं हैं। यहां दो ही दिन में कोरोना से सात छात्राएं पॉजिटिव आ गईं हैं।
कॉलेज में कक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है और कोरोना जांचों को बढ़ाया जा रहा है। एमबीबीएस की छात्राओं के कोरोना सैंपलों की जांच की जा रही है। बुधवार को 19 लोगों के सैंपल लिए गए थे इनमें से पांच छात्राएं पॉजिटिव आई थीं। इसके बाद गुरुवार को दो और छात्राओं की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ गई है।
साथ ही दस और लोगों के कोरोना जांच के सैंपल लिए गए हैं। सतर्कता बरतते हुए मेडिकल कॉलेज की कक्षाओं को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और कक्षाओं को सैनेटाइज किया जा रहा है। सैनेटाइज किए जाने के बाद ही इनको खोला जाएगा। इसके अलावा इन छात्राओं के संपर्क में आए लोगों की सूची बनाई जा रही है और उनका भी कोरोना जांच किए जाने की तैयारी है।
मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डा. जीएस तितियाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में छात्राओं के पॉजिटिव आने के बाद कोरोना को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सभी को सख्ती के साथ कोविड नियमों का पालन करने को कहा जा रहा है। साथ ही आने वाले दिनों में यहां के लोगों के कोरोना जांच के सैंपलों की जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में हुईं हैं संक्रमित
हल्द्वानी। माना जा रहा है कि यह छात्राएं मेडिकल कॉलेज में ही कोरोना संक्रमित हुई हैं। इससे पता चलता है कि जहां एक ओर पूरे जिले में कोरोना के मामले कम हो रहे हैं वहीं मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमण अभी भी मौजूद है।
जिले में कोरोना मरीजों के मामलों में आया उछाल
हल्द्वानी। गुरुवार को नैनीताल जिले में कोरोना के 13 मामले आए हैं। काफी दिनों के बाद यहां पर कोरोना के मामलों ने दहाई का आंकड़ा पार किया है। जबकि कई दिनों से यहां पर कोरोना के मामलों में काफी कमी थी। जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 20 हो गई है। साथ ही 1023 लोगों के कोरोना जांच के सैंपल लिए गए हैं। इधर गुरुवार को भी कोरोना टीकाकरण काफी कम रहा है। केवल 4672 लोगों को टीका लगाया गया है।
