लखनऊ: महिला बीट को लेकर डीजीपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को दिए ये आदेश
लखनऊ। महिला दारोगा एवं महिला पुलिस आरक्षियों की संख्या के हिसाब से थानों की तीन-चार बीटों पर एक-एक महिला बीट बनाई जाएगी। इसमें दो-दो महिला बीट पुलिस अधिकारियों की तैनाती होगी। इसमें महिला निरीक्षक, दारोगा, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी को मिलाकर टीम बनाते हुए बीट पुलिस अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। इस बावत बुधवार को पुलिस …
लखनऊ। महिला दारोगा एवं महिला पुलिस आरक्षियों की संख्या के हिसाब से थानों की तीन-चार बीटों पर एक-एक महिला बीट बनाई जाएगी। इसमें दो-दो महिला बीट पुलिस अधिकारियों की तैनाती होगी। इसमें महिला निरीक्षक, दारोगा, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी को मिलाकर टीम बनाते हुए बीट पुलिस अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। इस बावत बुधवार को पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इन्हें महिला बीट पुलिस अधिकारी का नाम दिया जाए। बीट पुलिस अधिकारी द्वारा अपने बीट में जाकर महिलाओं से बातचीत कर किसी हिंसा या अपराध होने की स्थिति में तत्काल थाने पर सूचना देंगी। महिला पुलिस अधिकारी सप्ताह में दो से तीन दिन में एक बीट का भ्रमण करेंगी। महिला अधिकारी गांव के ग्राम पंचायत भवन या फिर ग्राम सचिवालय में मिशन शक्ति कक्ष में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी तथा उन्हें पुलिस व अन्य जरूरी हेल्पलाइनों की जानकारी भी देंगी।
डीजीपी द्वारा जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि महिला बीट के बीट बुक का निरीक्षण प्रत्येक माह सीओ स्तर के अधिकारी द्वारा किया जाएगा। महिला हेल्पडेस्क के समान ही मिशन शक्ति कक्ष में भी फ्लेक्सी शीट लगाकर हेल्पलाइनों के नंबर भी प्रदर्शित किए जाएंगे। महिला बीट से संबंधित कई अन्य दिशा-निर्देश भी डीजीपी ने अधिकारियों को दिए हैं।
