बरेली: भूमिगत लाइनें क्षतिग्रस्त, फैंसी स्ट्रीट लाइटों की बत्ती गुल
बरेली, अमृत विचार। बरेली को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए करीब डेढ़ साल पहले स्टेडियम रोड पर लगाई गईं फैंसी स्ट्रीट लाइटों में अधिकांश लाइटें जल नहीं रही हैं। दिक्कत यह है कि इन स्ट्रीट लाइटों को लगाने के लिए डिवाइडर में अंडरग्राउंड बिजली लाइनें लगवाई गई थीं लेकिन डिवाइडरों के टूटने व वाहनों की …
बरेली, अमृत विचार। बरेली को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए करीब डेढ़ साल पहले स्टेडियम रोड पर लगाई गईं फैंसी स्ट्रीट लाइटों में अधिकांश लाइटें जल नहीं रही हैं। दिक्कत यह है कि इन स्ट्रीट लाइटों को लगाने के लिए डिवाइडर में अंडरग्राउंड बिजली लाइनें लगवाई गई थीं लेकिन डिवाइडरों के टूटने व वाहनों की टक्कर के बाद कई जगहों पर अंडरग्राउंड केबल बाहर निकल आई हैं। इससे कई स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन कट गए। इनकी मरम्मत न होने से स्ट्रीट लाइटों को जलने में दिक्कत हो रही है।
इन फैंसी स्ट्रीट लाइटों को लाखों रुपये खर्च करके ईंट पजाया से स्टेडियम रोड होते हुए डेलापीर की ओर 10 से 15 मीटर की दूरी पर लगाया गया था। इन लाइटों को जलाने के लिए डिवाइडर और सड़क के अंदर भूमिगत बिजली लाइनों को बिछाया गया लेकिन संजय नगर चौराहे से ईंट पजाया की तरफ डिवाइडर कमजोर होने से वे कई जगहों पर टूटने शुरू हो गए हैं। मॉडल टाउन गेट के पास डिवाइडर टूटने के साथ उसकी ईंटें भी बाहर आ गई हैं।
डिवाइडरों के नुकसान पहुंचने से उनके अंदर बिछी बिजली की केबल क्षतिग्रस्त हो गई है। आठ से दस जगहों पर तो केबल काफी बाहर की ओर निकल आई है। वाहनों के निकलने व अन्य वजहों से इन तारों को नुकसान पहुंचने से कई जगहों पर फैंसी स्ट्रीट लाइटें नहीं जल पा रही है। इसे रात में कई जगहों पर अंधेरा पसरा रहता है।
रोड के सौंदर्यीकरण में ठीक कराए जाएंगे डिवाइडर
15वें वित्त आयोग से नगर निगम ईंट पजाया से स्टेडियम की ओर सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम करा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस रोड को पूरा दुरुस्त कराया जा रहा है। इसमें डिवाइडर के काम भी होने है। ऐसे जहां पर डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें ठीक कराया जाएगा। इससे अंडरग्राउंड केबल को लेकर आ रही दिक्कत का समाधान भी हो जाएगा।
इस रोड पर डिवाइडर ठीक किए जा रहे हैं। फैंसी स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही है। इसे दिखवाया जाएगा, जो भी फाल्ट होगी, उसे ठीक कराया जाएगा। -अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त
