सीतापुर: मार्ग पर जलभराव, ट्रैक्टर पर सवार होकर अस्पताल पहुंचे विधायक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। सेवता विधानसभा क्षेत्र के जहांगीराबाद स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराना आसान नहीं है। किसी बीमार को यदि अस्पताल जाने की जरूरत पड़ी तो उसे सड़क पर भरे पानी में नाव डालनी पड़ेगी, या फिर किसी भारी वाहन पर चढ़ कर रास्ते में भरे पानी की वैतरणी पार करनी होगी? यह हम नहीं …

सीतापुर। सेवता विधानसभा क्षेत्र के जहांगीराबाद स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराना आसान नहीं है। किसी बीमार को यदि अस्पताल जाने की जरूरत पड़ी तो उसे सड़क पर भरे पानी में नाव डालनी पड़ेगी, या फिर किसी भारी वाहन पर चढ़ कर रास्ते में भरे पानी की वैतरणी पार करनी होगी? यह हम नहीं कहते, ऐसा ही कुछ शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक ज्ञान तिवारी को करना पड़ा। दरअसल सेवता विधान सभा क्षेत्र के बाशिंदों ने विधायक से शिकायत की थी, कि जहांगीराबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मार्ग पर बड़ा जल भराव है।

इस शिकायत पर विधायक स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए निकले तो रास्ते में पानी भरा हुआ था। स्वास्थ्य केंद्र तक जाने का कोई और रास्ता नहीं था। जिसके चलते उन्हें स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए ट्रैक्टर मंगाना पड़ा। विधायक ट्रैक्टर पर सवार होकर बड़ी मुश्किल से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि इस अस्पताल में डॉक्टर सहित स्टाफ पर्याप्त मात्रा में तैनात है। अस्पताल के मुख्य मार्ग पर करीब 500 मीटर तक घुटनों तक पानी भरा हुआ है। जिसके चलते अस्पताल में मरीज यहां नहीं आ पाते हैं।

वहीं डॉक्टर सहित पैरामेडिकल स्टाफ को भी आने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डॉक्टर गांव के अंदर बैठकर अस्पताल का संचालन करते हैं। हाल यह है कि कोरोना टीकाकरण में भी लोग अस्पताल नहीं आ पा रहे। इसको लेकर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई और खंड विकास अधिकारी को फोन करके उनसे कहा कि वह तत्काल इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करें। इसका मुख्य मार्ग निर्मित कराएं। अस्पताल परिसर की संपूर्ण साफ सफाई कराकर यहां स्थित तालाबों का सौंदर्यीकरण कराएं। विधायक ने कहा स्वास्थ्य उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है।

इस दौरान कोरोना वायरस के समय अस्पतालों को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी हम सब की है। यह अस्पताल अच्छा है, लेकिन यहां व्यवस्थाएं नही हैं। इसको लेकर वह जिलाधिकारी से भी वार्ता करेंगे। उन्होंने मौजूद डॉक्टर से कहा उनकी जो समस्याएं हैं वह लिखित रूप से उनको दें। प्रयास होगा कि यहां की समस्याओं का समाधान किया जाए। विधायक ने कहा जल्दी ही अस्पताल का प्रमुख मार्ग बनाकर उसकी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। जिससे कि यहां मरीज, तीमारदार, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ सहित ग्रामीणों को कठिनाई न हो।

विधायक ने बूथ सत्यापन अभियान में लिया हिस्सा

सेवता से भाजपा विधायक विधायक ज्ञान तिवारी ने शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के जहांगीराबाद सेक्टर के आधा दर्जन बूथों पर जाकर बूथ सत्यापन अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सत्यापन अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं और जन सामान्य से विस्तृत चर्चा भी की। उनके साथ उपाध्यक्ष सुधाकर शुक्ला, तुषार अवस्थी, राकेश नंद सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार