बरेली: खपरैल ने ली थी हलवाई की जान, मुआवजे को बरेली और शाहजहांपुर में खींचतान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। राज्य सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि यदि दैवीय आपदा में किसी की मौत हो जाए तो तत्काल उसके परिजनों को अनुग्रह सहायता धनराशि उपलब्ध करायी जाए लेकिन बारिश की वजह से खपरैल गिरने से हुए हादसे में हलवाई की मौत होने के प्रकरण में बरेली और शाहजहांपुर जनपद में खींचतान मची …

बरेली, अमृत विचार। राज्य सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि यदि दैवीय आपदा में किसी की मौत हो जाए तो तत्काल उसके परिजनों को अनुग्रह सहायता धनराशि उपलब्ध करायी जाए लेकिन बारिश की वजह से खपरैल गिरने से हुए हादसे में हलवाई की मौत होने के प्रकरण में बरेली और शाहजहांपुर जनपद में खींचतान मची है।

दैवीय आपदा मानते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने के लिए पहले बरेली जिला प्रशासन की ओर से शाहजहांपुर प्रशासन को चिट्ठी लिखी गयी जिसमें कहा गया कि दैवीय आपदा के अंतर्गत अनुग्रह सहायता धनराशि दिए जाने के लिए अग्रिम कार्यवाही तहसील तिलहर शाहजहांपुर से किया जाना संभव है। 19 जून को ही अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शाहजहांपुर को पत्र लिखा गया था।

उसमें बताया कि मृतक संजीव पुत्र राजकुमार मोहल्ला बेर चौक कस्बा व तहसील तिलहर जिला शाहजहांपुर का निवासी था। इस कारण मृतक के परिवार को दैवीय आपदा से अनुग्रह सहायता धनराशि दिलाने का कार्य शाहजहांपुर से ही किया जाना है। इस पत्र पर शाहजहांपुर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।

अब 25 अगस्त को शाहजहांपुर के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गिरिजेश कुमार चौधरी ने एडीएम वित्त एवं राजस्व को पत्र भेजकर कहा है कि संजीव के परिजनों को आर्थिक मदद अपने स्तर से दिलाएं। इस पूरे घटनाक्रम में दोनों जनपदों में मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की धनराशि दिलाने को लेकर खींचतान दिख रही है लेकिन किसी ने मृतक के परिवार के बारे में कुछ नहीं सोचा है।

शादी समारोह में खाना बनाने के दौरान ऐसे गयी थी संजीव की जान
19 जून को तहसील फरीदपुर के ग्राम मानपुर मजरा भगौतीपुर में हरिशंकर पुत्र ब्रजपाल की पुत्री के विवाह समारोह था। रातभर बारिश हुई थी। बारिश होने से दीवार और खपरैल गिर गयी। उसमें संजीव पुत्र राजकुमार निवासी मोहल्ला बेर चौक कस्बा व तहसील तिलहर जिला शाहजहांपुर चपेट में गया। जिसकी उपचार के दौरान हरुनगला ग्रीन पार्क के पास स्थित निजी अस्पताल में मौत हो गयी।

संजीव खाना बनाने के लिए आया था। इसके अतिरिक्त खपरैल में उपस्थित 10 वर्षीया सुनीता, विनोद पुत्र वीरेंद्र निवासी रुद्रपुर तहसील आंवला के कमर में चोट आने के साथ टांग टूट गयी थी। रुद्रपुर के ही विनोद की तीन वर्षीया पुत्री कोमल को गुम चोटें आयी थीं।

संबंधित समाचार