मुरादाबाद: सड़क पर अमरूद खरीद रहे युवकों को कार ने रौंदा, दो की मौत
अमरोहा/डिडौली,अमृत विचार। जोया से संभल जा रही तेज रफ्तार कार ने सड़क पर अमरूद खरीद रहे युवकों को रौंद दिया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खाई में गिर गई। सड़क हादसे में इंटर कॉलेज के चौकीदार और कार सवार युवक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे …
अमरोहा/डिडौली,अमृत विचार। जोया से संभल जा रही तेज रफ्तार कार ने सड़क पर अमरूद खरीद रहे युवकों को रौंद दिया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खाई में गिर गई। सड़क हादसे में इंटर कॉलेज के चौकीदार और कार सवार युवक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि हादसे में कुल पांच लोग घायल हो गये। घटनास्थल पर चींख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोया-संभल मार्ग स्थित गांव पलौला के पास शाम के समय यह हादसा हुआ।
गांव के ही निवासी जफर के बेटा सरफराज तुर्की इंटर कॉलेज पलोला में चौकीदार है। शनिवार को गांव के पास ही सड़क पर खड़ा होकर ठेले से अमरूद खरीद रहा था। यहां कुछ लोग और भी अमरूद खरीद रहे थे। इसी बीच जोया की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने सरफराज को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे अमरूद का ठेला भी दूर जाकर गिरा। अमरूद खरीद रहे अन्य लोग भी कार की चपेट में आ गए।
वहीं कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर सड़क किनारे खाई में गिरी गई। हादसे में गांव पलोला निवासी सरफराज और कार चला रहा रजपुरा थानाक्षेत्र के गवा निवासी बब्लू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार राजेश उर्फ राजू, अनिल निवासी गवा और दानिश निवासी पत्तेहपुर, लाला निवासी टिकिया फत्तेहपुर, मोहसिन पलोला गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद वहां चींखपुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने शव और घायल युवकों को कार से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतकों के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते पोस्टमार्ट हाउस पहुंच गए।
प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि पांच घायल है। मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
