सीतापुर: युवक की गोली मारकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
सीतापुर। कोतवाली इलाके में शुक्रवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से करीब एक किलो मीटर दूर मिला है। घटना के पीछे अवैध संबंधों का मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ सदर अभिषेक …
सीतापुर। कोतवाली इलाके में शुक्रवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से करीब एक किलो मीटर दूर मिला है। घटना के पीछे अवैध संबंधों का मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजय सहित कोतवाली पुलिस ने मौके की जांच पड़ताल की है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
महोली कोतवाली इलाके के मस्जिद बाजार निवासी पैंतालीस वर्षीय मोइद्दीन पुत्र इस्माईल गांव में ही कबाड़ खरीदने का काम करता था। शुक्रवार की शाम वह दुकान बंद कर अपने घर पहुंचा। घर में कुछ देर रुकने के बाद वह काम से जाने की बात कह कर, घर से निकल गया। उसके बाद लौट कर नहीं आया। आधी रात उसका शव कुछ लोगों ने गांव से करीब एक किलो मीटर दूर नियाजपुर-पिपरावां मार्ग पर पड़ा देखा। जिसके बाद लोगों ने मृतक के परिवार वालों को सूचना दी। साथ ही पुलिस को भी बताया गया। जिसके बाद सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजय व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल की। जांच में पता चला कि मृतक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उसके सीने में गोली लगी है। घटना के पीछे अवैध संबंधों का मामला बताया जा रहा है। सीओ सदर का कहना है कि अवैध संबंधों में मोइद्दीन की गोली मार कर हत्या कर दी गई। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर मृतक के भाई ने तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
