किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर गरजीं प्रियंका, कहा- यह कार्रवाई भाजपा के ताबूत में कील साबित होगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर हरियाणा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की यह कार्रवाई उसके ताबूत में कील का काम करेगी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “किसान मेहनत करके खेतों में लहलहाती हुई फसल देते …

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर हरियाणा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की यह कार्रवाई उसके ताबूत में कील का काम करेगी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “किसान मेहनत करके खेतों में लहलहाती हुई फसल देते हैं। भाजपा सरकार अपना हक मांगने पर उन्हें लाठी से लहूलुहान करती है। किसानों पर पड़ी एक-एक लाठी भाजपा सरकार के ताबूत में कील का काम करेगी।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी इस लाठीचार्ज को लेकर हरियाणा सरकार पर हमला किया और कहा, “खट्टर साहेब, आज करनाल में हर हरयाणवी की आत्मा पर लाठी बरसाई है। धरती के भगवान किसान को लहूलुहान करने वाली पापी भाजपाई सत्ता का दमन दानवों जैसा है। सड़कों पर किसानों के शरीर से रिसते खून को आने वाली तमाम नस्लें याद रखेगीं। याचना नहीं, अब रण होगा, जीवन-जय या मरण होगा।”

पुलिस ने करनाल के नजदीक प्रदर्शनकारी किसानों पर लाठीचार्ज किया
भाजपा की बैठक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए करनाल की तरफ बढ़ रहे किसानों के एक समूह पर पुलिस ने शनिवार को कथित तौर पर लाठीचार्ज किया, जिसमें करीब दस लोग घायल हो गए। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्य भाजपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। किसानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य पुलिस की आलोचना की गई और विरोध में कई स्थानों पर सड़कों को जाम किया गया।

प्रभावित सड़कों में फतेहाबाद-चंडीगढ़, गोहाना- पानीपत और जींद-पटियाला राजमार्ग; अंबाला-चंडीगढ़ और हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल हैं। हरियाणा भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बर्बरतापूर्वक प्रदर्शनकारी किसानों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। करनाल से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर बस्तारा टोल प्लाजा के पास मौजूद कई प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई में आठ से दस लोग घायल हुए हैं।

बहरहाल, पुलिस ने कहा कि हल्का बल प्रयोग किया गया क्योंकि प्रदर्शनकारी राजमार्ग जाम कर रहे थे, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। केंद्र के कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन के कई सार्वजनिक कार्यक्रमों का विरोध कर रहे हैं। बीकेयू के आह्वान पर कई किसान करनाल के नजदीक बस्तारा टोल प्लाजा पर इकट्ठा हुए थे।

यह भी पढ़ें-

गृह मंत्रालय ने राज्यों से कहा- सुनिश्चित करें कि आगामी त्योहारों में कहीं भीड़ न उमड़े

संबंधित समाचार