बरेली: जिला अस्पताल में दोपहर बाद दूसरी डोज खत्म, लोग परेशान
बरेली, अमृत विचार। जिले में अधिक से अधिक लोगों को तीसरी लहर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक वैक्सीनेशन को लेकर अभियान चलाकर जागरुक कर रहा है लेकिन जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में दोपहर बाद वैक्सीन खत्म होने के चलते वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने आए लोगों के …
बरेली, अमृत विचार। जिले में अधिक से अधिक लोगों को तीसरी लहर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक वैक्सीनेशन को लेकर अभियान चलाकर जागरुक कर रहा है लेकिन जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में दोपहर बाद वैक्सीन खत्म होने के चलते वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने आए लोगों के हाथ निराशा लगी। इस दौरान लाभार्थी व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। जिसे समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया।
9500 लक्ष्य के सापेक्ष 9280 लोगों ने लगवाई दूसरी डोज
जिले में शनिवार को 95 प्रतिशत लोगों ने टीकाकरण कराया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 9556 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि जिले में 10000 डोज लगाने का लक्ष्य दिया गया था। पहली डोज के लिए 500 का लक्ष्य दिया गया, जिसके सापेक्ष 276 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
वहीं, दूसरी डोज के लिए विभाग ने 9500 का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 9280 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। वहीं वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर रविवार के लिए कार्ययोजना तैयार कर स्लॉट बुकिंग भी शुरू हो गई है। डा. आरएन सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन अभियान के तहत जिले में लोगों ने जागरूकता के चलते टीकाकरण कराया। आमजन की जागरूकता से ही तीसरी लहर से बचाया जा सकता है।
