हल्द्वानी: देवर ने किया दुष्कर्म, ससुरालियों ने किया जिंदा जलाने का प्रयास, मारपीट कर कान भी काटा
हल्द्वानी, अमृत विचार। दहेज की मांग के साथ शुरू हुआ उत्पीड़न दुष्कर्म और जान से मारने का प्रयास करने तक जा पहुंचा। देवर ने चाकू दिखाकर एक महिला से दुष्कर्म किया। विरोध पर ससुरालियों ने महिला को जिंदा जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरेली जिले के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दहेज की मांग के साथ शुरू हुआ उत्पीड़न दुष्कर्म और जान से मारने का प्रयास करने तक जा पहुंचा। देवर ने चाकू दिखाकर एक महिला से दुष्कर्म किया। विरोध पर ससुरालियों ने महिला को जिंदा जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरेली जिले के थाना मीरगंज निवासी महिला की शादी रामपुर जिले के थाना शहजाद नगर क्षेत्र में तीन साल पहले हुई थी। वर्तमान में महिला मुखानी थाना क्षेत्र में रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज में कार की मांग कर रहे थे। कार नहीं मिलने पर वह बौखलाए हुए थे।
बांझ होने का ताना देकर घर से निकालने की कोशिश में थे। आरोप है कि पीडि़ता का देवर उस पर बुरी नजर रखता था। 11 अगस्त को जब उसका पति घर पर नहीं था तो देवर मौका पाकर कमरे में घुस आया। देवर ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस और चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया। आरोप है कि पीड़िता ने आपबीती बताई तो सास ने घर की बदनामी की दुहाई देकर मुंह बंद रखने के लिए दबाव बनाया। परेशान विवाहिता ने इस संबंध में फोन कर पिता को उत्पीड़न और शोषण की जानकारी दी।
इस पर सास और ससुर ने फोन छीनकर मारपीट की। पति और देवर को उकसाते हुए जलाकर मार डालने का प्रयास किया। आरोप लगाया है कि तुरंत ही ससुर मिट्टी के तेल की कैन लेकर आया और सास ने उस पर तेल उड़ेल दिया। पति ने आग लगाने के लिए माचिस निकाली तभी चीख पुकार की आवाज सुनकर बस्ती के लोग पहुंच गए।
बस्ती के लोगों ने बहुत मुश्किल से बचाया। 13 अगस्त को पीड़िता के पिता ससुराल पहुंचे और बात करने का प्रयास किया। आरोप है कि बेटी के सामने ही ससुराल पक्ष के लोगों ने पिता के साथ भी मारपीट की। पिता के सामने ही बेटी को भी पीटा। आरोप है कि ससुर के कहने पर पति ने चाकू से नाक-कान काटने का प्रयास किया। एक कान काटकर अलग कर दिया और नाक काटने लगे तो स्थानीय लोगों ने जान बचाई। महिला के जेवर छीनकर उसे घर से निकाल दिया। एसओ सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी देवर के खिलाफ दुष्कर्म के लिए धारा 376 तथा पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवेचना की जा रही है।
