सीतापुर: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार बहन-भाई सहित तीन की मौत, मासूम जख्मी
सीतापुर। कोतवाली इलाके में सिधौली मार्ग पर स्थित ग्राम राजाडीह के निकट रविवार को एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन व मासूम भांजी ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ …
सीतापुर। कोतवाली इलाके में सिधौली मार्ग पर स्थित ग्राम राजाडीह के निकट रविवार को एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन व मासूम भांजी ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में जख्मी एक अन्य मासूम बालिका को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली बिसवां क्षेत्र के ग्राम बोहरा निवासी 30 वर्षीय नीरज अपनी बहन ममता 35 व छह वर्षीय भांजी भूमि और तीन वर्षीय भांजी अनिका को लेकर ग्राम मझगवां कलां से बोहरा जा रहे थे। जब यह लोग बाइक से बिसवां कोतवाली क्षेत्र में सिधौली मार्ग पर ग्राम राजाडीह के निकट पहुंचे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से चारो को सीएचसी बिसवां लाया गया।
जहां पर डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि ममता, भूमि और अनिका को प्रथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां ममता और अनिका की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से जख्मी भूमि को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
