बरेली: दो दिन में कैसे जारी होगा रिजल्ट
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की लिखित परीक्षाएं 26 अगस्त को समाप्त हो चुकी हैं। 28 अगस्त को प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाओं के अंक अपलोड करने की तिथि भी समाप्त हो चुकी है। ऐसे में दो दिन में स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष और परास्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी करना बड़ी …
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की लिखित परीक्षाएं 26 अगस्त को समाप्त हो चुकी हैं। 28 अगस्त को प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाओं के अंक अपलोड करने की तिथि भी समाप्त हो चुकी है। ऐसे में दो दिन में स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष और परास्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी करना बड़ी चुनौती है। शासन ने 31 अगस्त तक रिजल्ट जारी कर सितंबर से कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं, जबकि मुख्य परीक्षाओं का मूल्यांकन 80 फीसदी ही पूरा हो सका है। इसके साथ ही अभी कई महाविद्यालयों के प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक भी अपलोड नहीं हो सके हैं।
शासन ने 4 अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर और महाविद्यालयों में परीक्षाएं, रिजल्ट, प्रवेश और कक्षाएं संचालित करने की तिथियां निर्धारित की थीं। इसके तहत 16 अगस्त से स्नातक और परास्नातक द्वितीय वर्ष की कक्षाएं संचालित करने के आदेश दिए गए थे। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के द्वारा भी निर्देश जारी किए गए थे।
शासन से 20 दिन की कक्षाओं में उपस्थिति की रिपोर्ट भी मांगी जा रही है लेकिन मुख्य परीक्षाओं और प्रयोगात्मक परीक्षाओं की वजह से अभी तक कक्षाएं संचालित नहीं हो सकी हैं। शासन ने स्नातक द्वितीय, तृतीय व परास्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट 31 अगस्त तक घोषित करने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा ही 26 अगस्त को समाप्त हुई हैं। 28 अगस्त को प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक अपलोड करने की अंतिम तिथि थी।
अभी तक कई महाविद्यालयों के अंक ही अपलोड नहीं हो सके हैं। विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षाओं का 14 अगस्त से मूल्यांकन भी शुरू कर दिया था। 80 फीसदी से अधिक मूल्यांकन भी हो गया है लेकिन अभी कई प्रश्नपत्रों का मूल्यांकन होना बाकी है। 26 अगस्त को हुई परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं अभी मूल्यांकन केंद्र में पहुंच रही हैं। ऐसे में दो दिन में मूल्यांकन पूरा कर रिजल्ट घोषित करना चुनौती होगा।
समय पर संचालित करनी हैं कक्षाएं
शासन ने स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाएं 1 सितंबर से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत 31 अगस्त तक स्नातक में प्रवेश की तिथि निर्धारित की गई है लेकिन अभी तक प्रवेश ही पूरे नहीं हो सके हैं। ऐसे में समय से कक्षाएं संचालित होना भी मुश्किल है। इसी तरह से प्रवेश परीक्षा के तहत होने वाले प्रवेश के मामले में कक्षाएं 13 सितंबर से शुरू होनी हैं। स्नातक द्वितीय वर्ष का रिजल्ट 31 अगस्त तक घोषित होने के बाद 6 सितंबर से तृतीय वर्ष की कक्षाएं संचालित होनी हैं। परास्नातक की कक्षाएं 13 सितंबर से शुरू की जानी हैं।
