बरेली: रामगंगा पुल पर मिला पर्स और सुसाइड नोट, छात्र लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पत्नी को लेकर मायके गया एलएलबी के छात्र का पर्स, बाइक और सुसाइड नोट पुल पर रखा मिला। इसकी जानकारी होने पर उसके परिजन वहां पर पहुंचे और ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। जब थाने में उनकी नहीं सुनी गई तो परिवार के साथ गांव के तमाम लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे …

बरेली, अमृत विचार। पत्नी को लेकर मायके गया एलएलबी के छात्र का पर्स, बाइक और सुसाइड नोट पुल पर रखा मिला। इसकी जानकारी होने पर उसके परिजन वहां पर पहुंचे और ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। जब थाने में उनकी नहीं सुनी गई तो परिवार के साथ गांव के तमाम लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहां मौजूद अफसरों ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद वह वहां से चले गए।

नबावगंज के परोथी गांव के रहने वाले द्वारिका प्रसाद का बेटा राहुल निजी कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। रविवार की सुबह वह अपनी पत्नी की साथ क्योलड़िया के कुंवरपुर तुलसी पट्टी अपनी ससुराल गया था। रविवार की शाम जब पिता ने फोन करके वापस आने के बारे में पूछा तो राहुल ने सोमवार की सुबह आने की बात कही।

लापता राहुल।

वहीं रविवार की शाम करीब 4 बजे सुभाषनगर पुलिस को राहुल की मोटर साइकिल रामगंगा पुल पर खड़ी मिली। बाइक के ऊपर राहुल का पर्स व सुसाइड नोट भी मिला। सुसाइड नोट में उसने लिखा था कि मेरे सास व ससुर मुझे बहुत परेशान करते हैं, इसलिए गंगा में कूदकर मैं अपनी जान दे रहा हूं। सुसाइड नोट व बाइक मिलने के बाद भी सुभाषनगर पुलिस ने छात्र की तलाश करते हुए उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।

मौके पर पहुंचे परिजनों में राहुल की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। परिजनों का आरोप है कि सुभाषनगर, नबावगंज व क्योलड़िया थाने में उन्होंने शिकायत की लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी। वहीं सुभाषनगर इंस्पेक्टर नरेश कुमार त्यागी ने राहुल की तलाश कराई लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल सका।

कार्रवाई न होने से नाराज परिजन और गांव के तमाम लोग सोमवार की शाम एसएसपी ऑफिस पहुंचे और वहां पर हंगामा किया। इसके बाद वहां मौजूद पुलिस अफसरों ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद वह वहां से चले गए। एसएसपी के आदेश पर क्योलड़िया पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर राहुल की तलाश शुरू कर दी है।

क्योलड़िया पुलिस द्वारा परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है, राहुल की तलाश के लिए टीम को लगाया गया है। उसकी कॉल डीटेल भी निकाली जा रही है। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार