बरेली: 89 सरकारी कर्मियों को मिलेगा 27 करोड़ का मुआवजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पंचायत चुनाव में ड्यूटी के दौरान कोरोना की चपेट में आने से जान गंवाने वाले जिले के 89 कार्मिकों के परिजनों को 27 करोड़ रुपये का मुआवजा मिलेगा। पंचायती राज विभाग ने राज्य निर्वाचन आयोग को ऐसे कार्मिकों की सूची करीब दो महीने पहले भेजी थी। जिसे मंजूरी मिलने के साथ ही …

बरेली, अमृत विचार। पंचायत चुनाव में ड्यूटी के दौरान कोरोना की चपेट में आने से जान गंवाने वाले जिले के 89 कार्मिकों के परिजनों को 27 करोड़ रुपये का मुआवजा मिलेगा। पंचायती राज विभाग ने राज्य निर्वाचन आयोग को ऐसे कार्मिकों की सूची करीब दो महीने पहले भेजी थी। जिसे मंजूरी मिलने के साथ ही पीडब्ल्यूडी में तैनात एक महिला कार्मिक के परिजनों को तीस लाख की अनुग्रह धनराशि का भुगतान कर दिया गया है।

प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व मतगणना से संबंधित ड्यूटी करने वाले तमाम कार्मिक कोविड संक्रमण से प्रभावित हुए थे। सैकड़ों कार्मिकों की कोविड के इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। जिले के 89 कार्मिक भी चुनाव के दौरान कोविड की चपेट में आने से जिंदगी से जूझते हुए जंग हार गए थे। इनमें वाणिज्यकर विभाग से लेकर विकास भवन, बेसिक शिक्षा विभाग समेत कई विभाग के कार्मिक शामिल रहे। सरकार ने इन कार्मिकों की निर्वाचन ड्यूटी की तिथि से तीस दिन के अंदर कोविड से मृत्यु पर तीस लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।

इसके बाद संबंधित विभाग ने ऐसे कार्मिकों के आवेदन मांगे। इनके आवेदनों की विभागाध्यक्षों ने भी संस्तुति की। जांच में बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त किए गए। यह वो आवेदन थे जिनका निधन 30 दिन के बाद हुआ था, जबकि कुछ के परिजनों ने कोविड से मृत्यु का प्रमाण पत्र ही नहीं लगाया था। जिला पंचायत राज अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि 89 कार्मिकों की अंतिम सूची तैयार कर शासन को भेजी गई थी। 30 लाख रुपये प्रति मृतक के हिसाब से इनके परिजनों को कुल 27 करोड़ रुपये की अनुग्रह धनराशि का भुगतान किया जाएगा।

संबंधित समाचार