कुछ लोग अफगानिस्तान में तालिबान वापसी का जश्न मना रहे, यह कम खतरनाक नहीं- नसीरुद्दीन शाह
मुंबई। अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी का जश्न मना रहे भारतीय मुसलमानों पर निशाना साधा है। तालिबान से हमदर्दी रखने वाले मुसलमानों को फटकार लगाने का नसीरुद्दीन शाह का एक वीडियो बुधवार रात वायरल हो गया। उन्होंने कहा,“ अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता में वापसी पूरी दुनिया के लिए चिंता का …
मुंबई। अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी का जश्न मना रहे भारतीय मुसलमानों पर निशाना साधा है। तालिबान से हमदर्दी रखने वाले मुसलमानों को फटकार लगाने का नसीरुद्दीन शाह का एक वीडियो बुधवार रात वायरल हो गया।
उन्होंने कहा,“ अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता में वापसी पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है, फिर भी कुछ लोग अफगानिस्तान में तालिबान वापसी का जश्न मना रहे हैं। बर्बर लोगों के वापसी पर भारतीय मुसलमानों के कुछ तबके का खुशी मनाना कम खतरनाक नहीं है।”
इकहत्तर वर्षीय अभिनेता ने यह भी कहा कि प्रत्येक ‘भारतीय मुसलमान’ खुद से पूछें, क्या वे अपने धर्म में आधुनिकता और सुधार चाहते हैं या वे सदियों पुराने बर्बर मूल्यों पर वापस जाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “ जैसे मिर्जा गालिब ने बहुत पहले कहा था, मेरे भगवान के साथ मेरा रिश्ता अद्वितीय है। मुझे राजनीतिक धर्म की जरूरत नहीं है। हिंदुस्तानी इस्लाम, दुनिया के बाकी हिस्सों में प्रचलित इस्लाम से अलग है और मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह समय न आए जहां हम इसे पहचान भी नहीं सकें।”
