बरेली: 84 हजार पेंशनधारकों के खातों में भेजे 12 करोड़ रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले के 84 हजार से अधिक लाभार्थियों के खातों में गुरुवार को पांच महीने की पेंशन पहुंच गई। इससे उन्होंने काफी राहत महसूस की। 12 करोड़ से अधिक की रकम खातों में ट्रांसफर होते ही बुजुर्गों के चेहरे मुस्कुरा उठे। पेंशन की आस में वह जिला मुख्यालय से लेकर ब्लाक स्तर पर …

बरेली, अमृत विचार। जिले के 84 हजार से अधिक लाभार्थियों के खातों में गुरुवार को पांच महीने की पेंशन पहुंच गई। इससे उन्होंने काफी राहत महसूस की। 12 करोड़ से अधिक की रकम खातों में ट्रांसफर होते ही बुजुर्गों के चेहरे मुस्कुरा उठे। पेंशन की आस में वह जिला मुख्यालय से लेकर ब्लाक स्तर पर कई दिनों से चक्कर काट रहे थे।

बुजुर्गों को सरकार की तरफ से प्रत्येक माह पांच सौ रुपये के हिसाब से तीन महीने की एकमुश्त पंद्रह सौ रुपये वृद्धावस्था पेंशन भेजी जाती है। मार्च में जिले के 66 हजार बुजुर्गों को पेंशन जारी की गई थी। जुलाई में फिर जारी होनी थी पर बजट के अभाव में शासन स्तर से पेंशन जारी नहीं हो सकी। इस बीच करीब 17 हजार पेंशनधारकों की संख्या और बढ़ गई। इनके खाते में भी पेंशन की धनराशि भेजी जानी थी लेकिन पेंशन न आने से बुजुर्ग परेशान थे। विभाग से लेकर बैंक के चक्कर लगाने के बाद भी बुजुर्गों की पेंशन मिलने का रास्ता साफ नहीं हो सका।

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से बुजुर्गों के बैंक खातों में पेंशन भेज दी। जिले के करीब 84 हजार बुजुर्गों के बैंक खाते में कुल 12 करोड़ 60 लाख रुपये की करीब पांच माह की धनराशि ट्रांसफर की गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा ने बताया कि बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन जारी कर दी गई है। इसमें करीब 66,632 पुरानें और 17 हजार नए पेंशनर्स हैं।

वृद्धावस्था पेंशन योजना के पात्र लाभार्थी चम्पा देवी, छोटेलाल, महेन्द्र, श्यामलाल, अनोखेलाल, त्रिवेनी पाण्डेय, सुदामा, शहनाज, भजनलाल, फूलसिंह से वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, रसोई गैस कनेक्शन सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा या नहीं, इसकी भी जानकारी ली गई। एनआईसी में आयोजित इस कार्यक्रम में डीएम नितीश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार