बरेली: कैनविज प्रा.लि. के चेयरमेन के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ट्रैवल ऐजेंसी द्वारा लाखों के टूर बुकिंग कराने के बाद भुगतान न करने को लेकर एक नामी उद्यमी के खिलाफ बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। ट्रेवल ऐजेंसी के संचालक द्वारा रुपये मांगने पर जान से मारने व पहुंच की धमकी देते हुए मानसिक प्रताड़ना देने का भी आरोप लगाया गया …

बरेली, अमृत विचार। ट्रैवल ऐजेंसी द्वारा लाखों के टूर बुकिंग कराने के बाद भुगतान न करने को लेकर एक नामी उद्यमी के खिलाफ बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। ट्रेवल ऐजेंसी के संचालक द्वारा रुपये मांगने पर जान से मारने व पहुंच की धमकी देते हुए मानसिक प्रताड़ना देने का भी आरोप लगाया गया है।

रामपुर गार्डन निवासी साकेत भूषण गुप्ता ने बताया कि वह एक ट्रैवल ऐजेंसी का संचालन करते हैं। बताया कि कैनविज प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमेन कन्हैया गुलाटी से उनकी पुरानी पहचान है। अक्सर वह उनके टूर की बुकिंग करते थे। करीब तीन साल पहले 24 फरवरी 2019 से लेकर 20 सितंबर 2020 तक कारोबारी ने ट्रैवल ऐजेंसी से करीब छह लाख रुपये के 25 टूर की बुकिंग कराई थी। साथ ही जल्द ही रकम का भुगतान करने का आश्वासन भी दिया था।

इसी बीच कोविड महामारी के चलते लॉकडाउन लग गया और उनका काम बंद हो गया। उन्होंने कन्हैया गुलाटी से अपने उधार की रकम देने की मांग की जिसपर उसने टालमटोल शुरू कर दी। तलाश करते कार्यालय पर पहुंचे जहां ताला पड़ा हुआ था। जिसके बाद वह चेयरमेन के स्टेडियम रोड स्थित घर पर गए। वहां रुपयों की मांग करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी व अपनी ऊंची पहुंच का रुबाव दिखाते हुए भला-बुरा कहना शुरू कर दिया।

वहीं पीड़ित का कहना है कि उनका काम बंद हो गया है, लाखों का कर्ज न मिलने से वह मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान हो रहा है। रुपये न मिलने से परेशान होकर ट्रैवल संचालक ने बारादरी थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।

देश व विदेश के लिए कराई थी बुकिंग
ट्रैवल ऐजेंसी संचालक साकेत भूषण गुप्ता ने बताया कि कैनविज प्रा.लि. के चेयरमेन कन्हैया गुलाटी ने करीब 25 टूर बुकिंग कराई थीं। उनमें से एक बुकिंग देश के बाहर की थी। वह बुकिंग उन्होंने अपने बेटे के लंदन जाने के लिए कराई थी। इसके अलावा बाकी सभी बुकिंग देश के अंदर ही अलग-अलग जगहों की थीं। हालांकि किसी भी बुकिंग का भुगतान आरोपी द्वारा नहीं किया गया था।

संबंधित समाचार