मुरादाबाद: नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर पार्टनर ने लूट लिये 7.85 लाख और रिवाल्वर, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त करने वाले वृद्ध से दिन निकलते ही 7.85 लाख रुपये की नकदी और लाइसेंसी रिवाल्वर लूट ली। वह नागफनी थानाक्षेत्र में अपनी कार में ही बेहोश पड़े मिले। लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। तीन थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त करने वाले वृद्ध से दिन निकलते ही 7.85 लाख रुपये की नकदी और लाइसेंसी रिवाल्वर लूट ली। वह नागफनी थानाक्षेत्र में अपनी कार में ही बेहोश पड़े मिले। लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। तीन थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित के पार्टनर से भी पूछताछ की। वह घंटों तक पुलिस को गुमराह करता रहा।

घटनास्थल भी नहीं बता सका। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और घटना को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई नकदी और लाइसेंसी रिवाल्वर उसके घर से ही बरामद कर लिया गया।

लूट की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि एमडीए के दीनदयाल नगर में रहने वाले 62 वर्षीय केवल किशन धवन नागफनी थानाक्षेत्र में झारखंडी मंदिर के पास रहने वाले अदनान के साथ पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। गुरुवार को वह अदनान के साथ कार खरीदने के लिए फरीदाबाद गए थे। उनके पास 7.85 लाख रुपये की नकदी भी थी।

वहां कार नहीं मिलने पर दोनों पार्टनर अपनी कार से मुरादाबाद लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह केवल किशन धवन नागफनी थानाक्षेत्र में बिजलीघर के पास बेहोशी की हालत में पड़े मिले। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें डाक्टर के यहां ले गए। अर्धबेहोशी की हालत में उन्होंने अपने साथ लूट के बारे में परिजनों को बताया। तब उनका बेटा निखिल धवन नागफनी थाने पहुंचा और पुलिस को अपने पिता से 7.85 लाख रुपये तथा लाइसेंसी रिवाल्वर लूटे जाने की सूचना दी। दिन निकलते ही लूट की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया।

निखिल ने अपने पिता के पार्टनर पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। जानकारी पाकर एएसपी/सीओ कोतवाली अनिल कुमार यादव ने भी निखिल से बात की। इसके साथ ही उन्होंने नागफनी के अलावा मझोला और पाकबड़ा थाने की पुलिस को घटना के खुलासे के लिए लगा दिया। उन्होंने केवल किशन धवन के पार्टनर अदनान से भी पूछताछ की। पूछताछ में अदनान ने बताया कि बाइक सवार लुटेरों ने उसे भी नशा देकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद लुटेरे नकदी और रिवाल्वर लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने अदनान को साथ लेकर घटनास्थल के बारे में मालूमात की। वह चार घंटे तक पुलिस को बरगलाता रहा। मगर घटनास्थल के बारे में जानकारी नहीं दे सका। वह पुलिस को जीरो प्वाइंट से महानगर की ओर लाने की बजाए बाइपास पर रामपुर की ओर ले गया। इस पर पुलिस को उस पर शक हो गया। पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

संबंधित समाचार