रामपुर: अवैध खनन के वाहनों से वसूली करने में फंसे दो पीआरडी जवान और रिटायर्ड फौजी गिरफ्तार
स्वार, अमृत विचार। अवैध खनन के वाहनों से वसूली किए जाने के मामले में फंसे दो पीआरडी जवान एक रिटायर्ड फौजी को पुलिस क्षेत्राधिकारी ने ड्यूटी कर रहे तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। भष्ट्राचार अधिनियम में दर्ज हुए मुकदमे में उन्हें जेल भेज दिया है। तहसील क्षेत्र के उपनगर मसवासी के तिराहे पर …
स्वार, अमृत विचार। अवैध खनन के वाहनों से वसूली किए जाने के मामले में फंसे दो पीआरडी जवान एक रिटायर्ड फौजी को पुलिस क्षेत्राधिकारी ने ड्यूटी कर रहे तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। भष्ट्राचार अधिनियम में दर्ज हुए मुकदमे में उन्हें जेल भेज दिया है।
तहसील क्षेत्र के उपनगर मसवासी के तिराहे पर खनन की रोकथाम के लिए शासन की ओर से दो पीआरडी जवान एक रिटायर्ड फौजी को ड्यूटी पर तैनात किया गया था। 20 अगस्त को एक पीआरडी जवान अमित कुमार का अवैध खनन से भरे वाहनों से सुविधा शुल्क वसूलते हुए वीडियो वायरल हो गया था। वीडियो वायरल होने पर पुलिस प्रशासन सहित खनन विभाग में हड़कंप मच गया था।
किसी ने इस वीडियो को मुख्यमंत्री के ट्विटर पर टैग कर दिया था। इसके बाद जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खनन अधिकारी राजकुमार संगम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर पीआरडी जवान अमित कुमार, बलकार, रिटायर्ड फौजी पलविंदर के खिलाफ भ्र्ष्टाचार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी लगातार पीआरडी जवान व रिटायर्ड फौजी ड्यूटी को अंजाम दे रहे थे।
गुरुवार को अमृत विचार ने ट्रक से वसूली में फंसा पीआरडी जवान कर रहा है ड्यूटी खबर का प्रकाशन प्रमुखता से किया था। तब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए देर रात पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्म सिंह मार्छाल, कोतवाल आरएस बघेल ने मुरादाबाद बाजपूर मार्ग मसवासी तिराहे पर छापामार कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात नामजद दो पीआरडी जवान अमित कुमार, बलकार एवं रिटायर्ड फौजी पलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों नामजद आरोपियों को कोतवाली लाया गया। शुक्रवार को दोनों पीआरडी जवान सहित रिटायर्ड फौजी को भष्टाचार अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में जेल भेज दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि भ्र्ष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किए पीआरडी जवानों की बरखस्तगी के लिए विभाग को लिखा जा चुका है।
