अल्मोड़ा नहीं जाने वाले डॉक्टरों पर विभाग करेगा कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। चिकित्सा शिक्षा सचिव सी रविशंकर ने शनिवार को सुशीला तिवारी अस्पताल का औचक दौरा किया। उन्होंने इस दौरान आईसीयू सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया। साथ ही मेडिकल कॉलेज के विषय में प्राचार्य डा. अरूण जोशी के साथ बैठक की। यहां उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेज के लिए जिन डॉक्टरों …

हल्द्वानी, अमृत विचार। चिकित्सा शिक्षा सचिव सी रविशंकर ने शनिवार को सुशीला तिवारी अस्पताल का औचक दौरा किया। उन्होंने इस दौरान आईसीयू सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया। साथ ही मेडिकल कॉलेज के विषय में प्राचार्य डा. अरूण जोशी के साथ बैठक की।

यहां उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेज के लिए जिन डॉक्टरों को भेजा गया था उनमें से जो सात डॉक्टर वहां नहीं गए हैं, विभाग उन पर कार्रवाई करेगा और कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी। कहा कि कोविड की तीसरी लहर को देखते हुए बाल रोग विभाग में 72 बेड की व्यवस्था की जाएगी। जिसमें 42 बेड एचडीयू और बाकी के 30 बेड आईसीयू के होंगे। साथ ही राज्य के मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की कमी को जल्द दूर किया जाएगा और 500 फैकल्टी की नियुक्ति प्रक्रिया गतिमान है। कहा कि यह पूरी उम्मीद है कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को एमसीआई की ओर से जल्द मान्यता मिल जाएगी।

फिलहाल वहां बुनियादी ढांचा बनाए जाने का काम जोरों पर चल रहा है। बताया कि एसटीएच का आने वाले दिनों में ऑडिट करवाया जाएगा। रिपोर्ट के बाद पता चलेगा कि अस्पताल में क्या कमी है और उनको सुधारने के लिए क्या प्रयास किए जा सकते हैं। कहा कि पूरे राज्य में चिकित्सा शिक्षा को बेहतर बनाने का प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बंदी के कगार पर पहुंच चुके एसटीएच के रेडियॉलोजी विभाग के लिए कहा कि इसे पीपीपी मोड या विजिटिंग फैकल्टी के जरिए चलाने की योजना पर विचार चल रहा है। जब उनसे कहा गया कि रेडियोलॉजी विभाग चलाने के लिए जिम्मेदार लोग अपनी निजी प्रैक्टिस भी कर रहे हैं तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आने पर इस पर कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएच में मेडिकल स्टोर के किराए बकाए के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस पर शासन स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उपनल कर्मचारियों की हड़ताल पर उन्होंने कहा कि यह मामला शासन स्तर पर सुलझ सकता है। हम हर पहलू पर काम कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने एसटीएच में विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और प्राचार्य डा. जोशी को बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर निदेशक डा. आशुतोष स्याना भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार