अल्मोड़ा: सीएम का कार्यक्रम आते ही सरकारी महकमा नींद से जागा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जनता की बुनियादी समस्याओं के निस्तारण के लिए भले ही अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद सालों तक ना टूटती हो। लेकिन अगर किसी बड़े नेता या अधिकारी को जिले में आगमन हो तो अधिकारियों की नींद ही भाग जाती है। रविवार को ऐसा ही कुछ देखने को मिला सूबे की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जनता की बुनियादी समस्याओं के निस्तारण के लिए भले ही अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद सालों तक ना टूटती हो। लेकिन अगर किसी बड़े नेता या अधिकारी को जिले में आगमन हो तो अधिकारियों की नींद ही भाग जाती है। रविवार को ऐसा ही कुछ देखने को मिला सूबे की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में। यहां सोमवार को सीएम पुष्कर धामी का कार्यक्रम लगा तो लोक निर्माण विभाग सड़कों के उन गड्ढों को पाटने में जुट गया। जिन्हें ठीक करने की यहां की जनता लंबे समय से मांग कर रही थी। जबकि सीएम के कार्यक्रम में किसी पर कोई गाज ना गिरे इसके लिए अन्य विभागों के अधिकारी भी लंबित मामले निपटाते हुए दिखाई दिए।

बीते दिनों जल संस्थान की लाइनों से घरों में गंदा पानी आने की शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग व जल संस्थान ने नालियों के बीच से गुजर रही लाइनों को हटाने और माल रोड पर गंदे पानी की निकासी के लिए एक ह्यूम पाइप डाला। जिसके लिए सड़क को खोदा गया। कुछ दिनों में पाइप लाइनों को नाली से हटकार वहां ह्यूम पाइप तो डाल दिया गया।

लेकिन सड़कों पर पड़े गड्ढों को नहीं पाटा गया। ना ही पाइप डालने के दौरान बने बड़े गड्ढे को ढका गया। लेकिन जब सोमवार को सीएम पुष्कर धामी के अल्मोड़ा दौरे की खबर आई तो लोनिवि के अधिकारियों की नींद टूट गई। रविवार को दिन भर माल रोड, एलआर साह रोड और जहां जहां तक सीएम का कार्यक्रम थे।

विभाग वहां के गड्ढों  को पाटने के लिए सुबह से ही मुस्तैद दिखाई दिया। अन्य विभागों के अधिकारी भी जिले में महत्वपूर्ण लंबित मामलों को अवकाश के दिन भी निपटाते हुए दिखाई दिए। अधिकारियों और कर्मचारियों की इस मुस्तैदी को देख नगर में दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। लोग यहीं कहते दिखाई दिए अब अगर सीएम महीने में एक बार भी जिले में आते तो शायद उन्हें अपनी रोजमर्रा की समस्याओं के लिए सरकारी तंत्र की उपेक्षा का सामना नहीं करना पड़ता।

संबंधित समाचार