अमेठी: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, दिया ये निर्देश
अमेठी। केंद्रीय मंत्री महिला एवं बाल विकास भारत सरकार सांसद अमेठी स्मृति जुबिन इरानी ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान दूसरे दिन कलेक्ट्रेट सभागार में शासन द्वारा नामित जनपद नोडल अधिकारी अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा मोनिका एस. गर्ग, जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर तथा …
अमेठी। केंद्रीय मंत्री महिला एवं बाल विकास भारत सरकार सांसद अमेठी स्मृति जुबिन इरानी ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान दूसरे दिन कलेक्ट्रेट सभागार में शासन द्वारा नामित जनपद नोडल अधिकारी अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा मोनिका एस. गर्ग, जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर तथा अन्य समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ कोविड-19 व उसके टीकाकरण तथा कोविड की तीसरी लहर के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सर्वप्रथम सांसद ने कहा कि उनके भ्रमण के दौरान जो भी शिकायतें ज्ञापन प्राप्त हुए हैं उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराते हुए अवगत कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संचारी रोगों के दृष्टिगत जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए, कहा कि स्वच्छता अभियान में व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों, ग्राम प्रधानों को शामिल कर जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा नगर पालिका नगर पंचायतों के प्रत्येक वार्ड में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर विशेष साफ-सफाई कराया जाए साथ ही जन सामान्य को डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संचारी रोगों के संबंध में जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह पूरा महीना पोषण अभियान के रूप में चलाया जा रहा है इस दौरान कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्रियों, किशोरियों को विशेष ध्यान देते हुए उन्हें अच्छा खानपान, पोषाहार, दवाइयां इत्यादि उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी जीवनशैली बेहतर किया जाए, इसके साथ ही सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण वाटिका लगाने के निर्देश दिए जिसमें विभिन्न प्रकार की सब्जियां, फल उगाने के साथ ही मेडिसिन के पौधे लगाने के निर्देश दिए।
सांसद स्मृति ने कहा कि अस्पतालों में सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाए तथा आवश्यक उपकरण एवं डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए जिससे जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे जनपद के किसी भी कोने में किसी को भी कोई समस्या होने पर तत्काल राहत पहुंचाई जा सके, इसके साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्राइवेट हॉस्पिटलों के संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संचारी रोगों को लेकर जागरूक करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कोविड-19 व उसके टीकाकरण तथा कोविड की तीसरी लहर के दृष्टिगत की गई तैयारियों के संबंध में सांसद को विस्तार पूर्वक अवगत कराया। बैठक के उपरांत सांसद ने खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित माटी कला योजना अंतर्गत जनपद के 14 लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक कुम्हारी चाक तथा प्रमाण पत्र का वितरण किया।
