यूपी: गांधी जयंती पर राजधानी से चुनावी शंखनाद करेंगी प्रियंका गांधी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 16 सितंबर को लखनऊ आ रही हैं। कांग्रेस का दो अक्टूबर को राजधानी में एक बड़ी रैली करने की योजना है। इस रैली के मद्देनजर ही लखनऊ आगमन हो रहा है। साथ ही अन्य मंडलों में प्रियंका का दौरा करेंगी। राजधानी के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बड़ी रैली …

लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 16 सितंबर को लखनऊ आ रही हैं। कांग्रेस का दो अक्टूबर को राजधानी में एक बड़ी रैली करने की योजना है। इस रैली के मद्देनजर ही लखनऊ आगमन हो रहा है। साथ ही अन्य मंडलों में प्रियंका का दौरा करेंगी। राजधानी के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बड़ी रैली के आयोजन की तैयारी है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए अब धीरे-धीरे राजनैतिक दलों की सक्रियता बढ़ती जा रही है।

कांग्रेस पार्टी भी इस बार प्रदेश के चुनाव में मजबूती के साथ जुटी हुई है। 2022 के विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए नाक का सवाल बना हुआ है। ऐसे में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी प्रदेश के दौरे पर निकलने को तैयार हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 16 सितंबर को राजधानी स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर प्रियंका गांधी का आगमन होगा। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न मंडलों के दौरे पर प्रियंका गांधी निकलेंगी। हर मंडल में तीन से चार दिन का प्रियंका गांधी का कार्यक्रम रहेगा।

विधानसभा चुनाव को लेकर अब वे प्रदेश में ही डेरा डालेंगी। इस पर कांग्रेसी आशान्वित है कि उनके आने से निश्चित रूप से प्रभाव पड़ेगा। दरअसल, प्रियंका बीती 16 जुलाई को प्रदेश दौरे पर लखनऊ आई थीं, तब उन्होंने कहा था कि अगस्त महीने से लगातार कैंप किए जाएंगे हालांकि अगस्त महीने में प्रियंका का दौरा नहीं हुआ है, लेकिन सितंबर महीने में इसकी पूरी संभावना है।

गांधी जयंती पर बड़े आयोजन की तैयारी

दो अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर कांग्रेस पार्टी प्रदेश में बड़े आयोजन की तैयारी कर रही है। पार्टी के नेता प्रियंका के दौरे के साथ ही बड़े आयोजन के बारे में बोलने से कतरा रहे है लेकिन सूत्र के अनुसार रमाबाई अंबेडकर मैदान बड़े कार्यक्रम के लिए बुक हो चुका है। यहां पर रैली के दौरान बड़ी भीड़ जुटाई जाएगी। यहीं से प्रदेश में चुनावी बिगुल फूंका जाएगा।

संबंधित समाचार