बरेली: कल से प्रवेश के लिए देना होगा विलंब शुल्क
बरेली, अमृत विचार। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले छात्रों को 6 सितंबर के बाद एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रवेश पंजीकरण के लिए 400 रुपये का विलंब शुल्क चुकाना होगा। इससे पहले छात्रों से सिर्फ 100 रुपये पंजीकरण के लिए जा रहे हैं। कम संख्या में छात्रों के प्रवेश होने के चलते विश्वविद्यालय ने …
बरेली, अमृत विचार। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले छात्रों को 6 सितंबर के बाद एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रवेश पंजीकरण के लिए 400 रुपये का विलंब शुल्क चुकाना होगा। इससे पहले छात्रों से सिर्फ 100 रुपये पंजीकरण के लिए जा रहे हैं। कम संख्या में छात्रों के प्रवेश होने के चलते विश्वविद्यालय ने छह दिन का समय बढ़ाया था।
रविवार शाम 7 बजे तक स्नातक प्रथम वर्ष में 1 लाख 15 हजार से अधिक छात्रों के प्रवेश हो चुके थे। हालांकि इनमें सिर्फ 68 हजार का ही प्रवेश पंजीकरण शुल्क जमा किया गया था। सोमवार को महाविद्यालयों द्वारा अधिक से अधिक संख्या में प्रवेश पंजीकरण कराने और शुल्क जमा कराने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय ने 1 अगस्त से स्नातक में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की थी। स्नातक में करीब पौने दो लाख सीटें हैं, जिसमें अभी 50 हजार से अधिक पर प्रवेश होना बाकी है। इन सीटों पर प्रवेश लेने वाले छात्रों को 6 सितंबर के बाद 400 रुपये का विलंब शुल्क देना होगा। 13 से 20 सितंबर के बीच प्रवेश लेने वाले छात्रों को पंजीकरण शुल्क 600 रुपये देना होगा। विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा प्रवेश बीए में 70 हजार के करीब हुए हैं। दूसरे नंबर पर बीएससी में 27 हजार से अधिक प्रवेश हुए हैं। बीकॉम में करीब 7 हजार प्रवेश हुए हैं। इसके अलावा अन्य पाठ्यक्रमों में कम प्रवेश हुए हैं। सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रमों में प्रवेश की हालत भी ठीक नहीं है।
अभी तक कक्षाएं नहीं संचालित
स्नातक में अभी प्रवेश ही हो रहे हैं, जिससे न तो द्वितीय और न ही प्रथम वर्ष के छात्रों की कक्षाएं संचालित हो सकी हैं। परास्नातक में अभी प्रवेश भी शुरू नहीं हो सके हैं। ऐसे में इनकी कक्षाएं भी समय पर चलती नहीं दिख रही हैं। जबकि शासन ने तिथियां निर्धारित कर रखी हैं। 13 सितंबर तक सभी की कक्षाएं संचालित होनी हैं। इसके अलावा स्नातक व परास्नातक द्वितीय और स्नातक तृतीय वर्ष का रिजल्ट भी अभी तक घोषित नहीं हुआ है।
