बरेली: विवाद में पति ने पिया तेजाब, पत्नी पर लगाया पिलाने का आरोप
बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर इलाके में पत्नी के तलाक लेने के झगड़े के बाद युवक ने तेजाब पी लिया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने पत्नी पर तेजाब पिलाने का आरोप लगाया। पत्नी के खिलाफ तहरीर दिए जाने के बाद महिला अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। …
बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर इलाके में पत्नी के तलाक लेने के झगड़े के बाद युवक ने तेजाब पी लिया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने पत्नी पर तेजाब पिलाने का आरोप लगाया। पत्नी के खिलाफ तहरीर दिए जाने के बाद महिला अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। सोमवार देर शाम दंपती में समझौता होने के बाद बिथरी चैनपुर थाने में पति की ओर से आरोप का खंडन करते हुए समझौता पत्र दिया गया। पुलिस जांच में साली से रुपये उधार लेने की बात सामने आई है।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के उड़ला जागीर के रहने वाले वेदप्रकाश और संजय नगर की रहने वाली आरती ने प्रेम विवाह किया था। दोनों अलग-अलग जाति के थे, जिससे उनके परिजनों ने भी प्रेम विवाह का विरोध किया। शादी के कुछ समय बाद ही दंपती में अनबन होने लगी। विवाद ज्यादा होने पर प्रेमिका ने न्यायालय में तलाक का वाद दायर कर दिया। जबकि वेद प्रकाश तलाक के खिलाफ था और उसके साथ ही रहना चाहता था।
आए दिन तलाक की बात पर प्रेमी युगल में झगड़े होने लगे। इन्हीं झगड़ों से तंग आकर वेदप्रकाश ने रविवार की रात करीब 9 बजे शौचालय में रखा तेजाब पी लिया। साथ ही थोड़ा तेजाब अपने ऊपर डाल लिया। हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने पत्नी पर तेजाब पिलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को बयान दिया।
जब यह बात आरती को पता चली तो वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और अपनी बेगुनाही साबित की। उसकी बात सुनते ही कप्तान ने क्षेत्र के चौकी इंचार्ज को तलब कर लिया और हकीकत पता करने लगे। इसके बाद असल बात सामने आई। पुलिस ने बताया कि वेदप्रकाश ने खुद ही तेजाब पिया था। बताया कि कुछ समय पहले उसने अपनी साली पिंकी से 10 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसका काफी समय से विवाद चल रहा था।
वहीं वेदप्रकाश ने बताया कि आरती भी गुस्से में अपनी बहन के घर रहने चली गई थी। साथ ही उसने उसका नंबर भी ब्लैक लिस्ट में डाल दिया था। हालांकि दो माह में उसने रुपये वापस करने की बात कही है। सोमवार की शाम वेदप्रकाश माफी मांगते हुए बिथरी थाने में लिखित माफी पत्र दिया, जिसमें उसने आरती पर लगाया आरोप भी खारिज किया है।
