बरेली: ग्राम निधि खाते में पैसा भरपूर पर नहीं हो सके विकास कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में चहुमुखी विकास कराने का अफसर दावा कर रहे हैं। गांवों की नई सरकार को दो महीने से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन तमाम ग्राम पंचायतें अब भी ऐसी हैं, जहां छिटपुट विवाद समेत कुछ अन्य कारणों से विकास कार्यों को तेजी नहीं मिल …

बरेली, अमृत विचार। शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में चहुमुखी विकास कराने का अफसर दावा कर रहे हैं। गांवों की नई सरकार को दो महीने से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन तमाम ग्राम पंचायतें अब भी ऐसी हैं, जहां छिटपुट विवाद समेत कुछ अन्य कारणों से विकास कार्यों को तेजी नहीं मिल पा रही है।

आलम यह है कि अभी सिर्फ पुराने कामों पर जोर दिया जा रहा है। जिले में करीब 125 ग्राम पंचायतों में सिर्फ पिछले रुके काम ही कराए जा रहे हैं। गांव में खड़ंजा, नाली समेत कई मरम्मत के कामों को गति नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। जबकि शासन की तरफ से चुनाव प्रक्रिया होने के बाद जनपद की समस्त पंचायतों में करीब 30 करोड़ की धनराशि काम कराने के लिए भेजी जा चुकी है।

त्रिस्तरीय चुनाव अप्रैल में हुए थे। इसके बाद मई में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। फिर कुछ दिनों बाद नए प्रधानों को प्रशिक्षण हुआ। इनकी पहली बैठक भी हो गई, जिसमें गांवों में कराए जाने वाले विकास कार्यों पर चर्चा के बाद प्रस्ताव तैयार कर पास हो चुके हैं। इसके बाद भी करीब 125 तमाम पंचायतों में विवाद समेत अज्ञात कारणों से अभी तक खड़ंजा, नाली, सीसी रोड समेत कोई भी काम गांव के विकास के लिए शुरू नहीं हो सका।

इधर डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि सभी ग्राम पंचायतों के खाते खोले जा चुके हैं। शासन से प्राप्त धनराशि भी काम कराए जाने को लेकर भेज दी गई है। इसके बाद भी यदि कोई ग्राम प्रधान और सचिव काम न कराकर मनमानी कर रहा है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

ग्राम पंचायत में कोई नया कार्य नहीं हो रहा है। पिछले दो महीने से काम सिर्फ वहीं हो रहे हैं, जो पूर्व प्रधान के कार्यालय के दौरान बचे थे। नए प्रधान ने ग्राम पंचायत के चहुमुखी विकास को लेकर कोई रणनीति नहीं बनाई है। – नितिन, फरीदापुर इनायत खां

नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान ने अभी तक गांव में किसी तरह का कोई विकास कार्य नहीं शुरू कराया है। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतें हो रही है। सड़क निर्माण समेत कई तरह के विकास कार्य ठप पड़े हैं। – अरविंद पटेल, सभापति, न्याय पंचायत भगवतीपुर

पहले भी ग्राम प्रधान ने गांव में खड़ंजा, नाली निर्माण को लेकर कोई खास काम नहीं कराया था। इससे गांव में अक्सर जलभराव की समस्या रहती है। नए प्रधान के कार्यकाल की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। -तिलक सिंह, त्रिकुनिया ग्राम पंचायत

संबंधित समाचार