बरेली: ऐसे कार्यकर्ता तैयार करने हैं, जो राष्ट्रहित में श्रम, कौशल व समय दान करें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर बरेली पहुंचे हैं। देर शाम उन्होंने केशव कृपा भवन में अनुषांगिक संगठनों के साथ बैठक की। बताया कि संघ की स्थापना हुए वर्ष 2025 में 100 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस उपलक्ष्य में स्वयंसेवकों को …

बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर बरेली पहुंचे हैं। देर शाम उन्होंने केशव कृपा भवन में अनुषांगिक संगठनों के साथ बैठक की। बताया कि संघ की स्थापना हुए वर्ष 2025 में 100 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस उपलक्ष्य में स्वयंसेवकों को जल, जंगल, जमीन, जन और जानवर पर कार्य करने का मंत्र दिया। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि पहले महानगर से नगर में विस्तारक बनाए गए थे। अब ग्राम विस्तारक भी बनाए जाएंगे। खंड और आदर्श मंडल आयोजन शुरू कराए जा रहे हैं।

बताया कि अभी तक शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा है। अब 100 वर्ष पूरे होने पर समाज के साथ समाज के लिए काम करने होंगे। संघ की भूमिका अपरिचित को परिचित, परिचित से मित्र और मित्र से स्वयंसेवक बनाने की है। इसके बाद स्वयंसेवक से ऐसे कार्यकर्ता तैयार करने हैं जो राष्ट्रहित में श्रम, कौशल और समय दान करें। बताते हैं कि उन्होंने अखिल भारतीय अधिकारी प्रवास की शुरुआत बरेली से की है।

रामलाल ने अनुषांगिक संगठन विद्या भारती, मजदूर संघ, अधिवक्ता परिषद, लघु उद्योग भारतीय, रोजगार भारती, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समेत संगठनों के 90 पदाधिकारियों के साथ विमर्श किया। भाजपा के पदाधिकारियों और विधायकों के साथ समन्वय बैठक की। पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से परिचय कर सभी के कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने समन्वय बैठक में मिशन 2022 को लेकर भी भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख बुधवार को आईवीआरआई के वैज्ञानिक और डाक्टरों के साथ वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। केशव कृपा भवन में करीब डेढ़ घंटे तक समन्वय बैठक चली।

उनका यह प्रवास महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव की तैयारियां के बीच मौजूदा विधायकों के रिपोर्ट भी तैयार हो रहे हैं। 2022 में टिकट आवंटन को लेकर भी अभी से तैयारी शुरू हो चुकी हैं। बैठक में तमाम पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अखिल भारतीय सहसंपर्क प्रमुख के साथ सेल्फी भी खींची।

बैठक में शहर विधायक डा. अरुण कुमार, फरीदपुर विधायक श्यामबिहारी लाल, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, विधायक भोजीपुरा बहोरन लाल मौर्य, विधायक छत्रपाल गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा समेत संघ के विविध संवर्गों के प्रमुख आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार