राज्यपाल के इस्तीफे से गरमायी उत्तराखंड की राजनीति, कौन होगा उत्तराखंड का नया राज्यपाल?
देहरादून। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल के सचिव बीके संत ने इसकी पुष्टि की है। उत्तराखंड के राज्यपाल पद से बेबी रानी मौर्य के इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। अहम सवाल यह है कि उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने …
देहरादून। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल के सचिव बीके संत ने इसकी पुष्टि की है। उत्तराखंड के राज्यपाल पद से बेबी रानी मौर्य के इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। अहम सवाल यह है कि उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, ऐसे में नया राज्यपाल कौन होगा। अटकलें हैं कि फिलहाल उत्तर प्रदेश या महाराष्ट्र के राज्यपाल को उत्तराखंड का अतिरिक्त प्रभार दिया जा सकता है। यह भी चर्चाएं हैं कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और त्रिवेंद्र सिंह रावत को भी कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
बेबी रानी मौर्य ने 27 अगस्त 2018 को उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली थी। राज्यपाल के तौर पर बीती 26 अगस्त को उन्होंने अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा किया था। मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के मुद्दों पर जोर दिया था। उनका कहना था कि प्रदेश की महिलाएं मेहनती और जुझारू हैं। महिलाओं को राजभवन से जो बेहतर सहयोग किया जा सकता है उसके लिए आगे भी ठोस प्रयास किए जाएंगे।
इस बीच दो दिन पहले नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात के बाद से ही उनके इस्तीफा देने की चर्चाएं चल रही थीं। बेबी रानी मौर्य साल 1995 से 2000 तक आगरा की महापौर रही हैं। वर्तमान राष्ट्रपति और तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रामनाथ कोविंद के साथ कोषाध्यक्ष रहने के साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी रही हैं। ऐसे में अटकलें हैं कि वे उत्तर प्रदेश की राजनीति में फिर से सक्रिय हो सकती हैं। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उन्हें भाजपा में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
