रायबरेली: श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, 20 लोग घायल
रायबरेली। रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार को ट्रैक्टर ट्राली पलट जाने से ट्राली में सवार लगभग 20 घायल हो गए। घायलों का उपचार सीएचसी लालगंज में किया गया है। 6 गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बुधवार को कजरी तीज के चलते हिंदू धर्म में गंगा स्नान …
रायबरेली। रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार को ट्रैक्टर ट्राली पलट जाने से ट्राली में सवार लगभग 20 घायल हो गए। घायलों का उपचार सीएचसी लालगंज में किया गया है। 6 गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बुधवार को कजरी तीज के चलते हिंदू धर्म में गंगा स्नान का महत्व है। जिसके चलते अब्दुल्लापुर थाना जैदपुर जिला बाराबंकी गांव से ट्रैक्टर ट्राली में भरकर लगभग तीन दर्जन लोग गंगा स्नान करने डलमऊ गंगाघाट आए हुए थे।
स्नान के बाद वहां से वापस लौटते समय लालगंज-बछरांवा मुख्यमार्ग पर गौनहा गांव के निकट मेरुई मोड के पास अचानक ट्रैक्टर ट्राली में लगी पुली टूट गई, जिससे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई और ट्राली में सवार श्रृद्धालु सड़क पर आ गिरे जिससे वह घायल हो गए।
बड़ी दुघर्टना की आशंका पर एसडीएम लालगंज विजय कुमार व सीओ लालगंज डा. अंजनी कुमार चतुर्वेदी मय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन किसी को गंभीर चोट न देख सभी ने राहत की सांस ली। घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से लालगंज अस्पताल लाया गया। वहीं लगभग आधा दर्जन श्रद्धालुओं की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
