बरेली: मंत्री जी की गाड़ी न खाए झटका… इसलिए भरे जा रहे गड्ढे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर की शायद ही कोई रोड हो जो सही हो लेकिन प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा की कार को एक भी झटका न लगे, इसके लिए पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारी महीनों से खस्ताहाल पड़ी सड़कों की सूरत रातोंरात संवारने में जुटे हैं। मंत्री जी का काफिला जिस रोड से गुजरेगा, वहां …

बरेली, अमृत विचार। शहर की शायद ही कोई रोड हो जो सही हो लेकिन प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा की कार को एक भी झटका न लगे, इसके लिए पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारी महीनों से खस्ताहाल पड़ी सड़कों की सूरत रातोंरात संवारने में जुटे हैं। मंत्री जी का काफिला जिस रोड से गुजरेगा, वहां तो एक भी गड्ढे को बिना भरे नहीं छोड़ा जा रहा। गुरुवार को भी कई सड़कों के गड्ढे भरने के लिए टीमें काम करती दिखाई दीं।

शहर की तमाम प्रमुख सड़कें गड्ढे में तब्दील हो चुकी हैं लेकिन उनकी मरम्मत को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए लेकिन अब प्रभारी मंत्री का दौरा जारी होने के साथ पीडब्ल्यूडी व नगर निगम की टीमें सड़कों को गड्ढे भरने के लिए दौड़ने लगी हैं। गुरुवार को भी टीमें सड़कों के पैचवर्क करती दिखाई दीं।

चौकी चौराहे से जंक्शन जाने वाली रोड पर पहले काफी भयंकर गड्ढे थे। तहसील के पास भी रोड काफी खराब हो गई थी लेकिन इसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही। गुरुवार को डामर व बजरी डालकर गड्ढे भरे गए। चौकी चौराहे से गांधी उद्यान की ओर भी सड़क के गड्ढे को भरे गए। विकास भवन रोड पर भी मरम्मत का काम होता रहा।

गौरतलब है कि शहर के अनियोजित विकास कार्य लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की तमाम सड़कें टूटी पड़ी हैं। इन दिनों स्टेडियम रोड का भी हाल बहुत खराब है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना था कि मानसून सीजन की वजह से सड़कें ठीक नहीं की जा पा रही हैं लेकिन अब मंत्री के आने के कार्यक्रम के बाद पैचवर्क शुरू कर दिए गए हैं।

शहर को साफ सुथरा दिखाने में जुटा नगर निगम
प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा के शनिवार के दौरे को लेकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही सड़कों की मरम्मत को लेकर सरकारी महकमे सक्रिय हो गए हैं। सिविल लाइंस की साफ सड़कों पर सफाई अभियान चलाया गया। गुरुवार को नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक बुलाई। इसमें उन्होंने अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह समेत नगर स्वास्थ्य अधिकारी और सफाई निरीक्षकों की टीम को जरूरी दिशा निर्देश दिए। अधिकारी शहर की सड़कों का जायजा लेने पहुंचे।

सिविल लाइंस की सड़कों की सफाई शुरू करा दी। प्रभारी मंत्री का काफिला शहर में जिस रोड से होकर गुजरेगा, वहां सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। जंक्शन से लेकर कलेक्ट्रेट रोड होते हुए सर्किट हाउस से गांधी उद्यान होते हुए विकास भवन, पीलीभीत रोड पर सफाई अभियान चलाया गया।

नगर निगम ने मंत्री के दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग, जलकल विभाग, निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी जोन के हिसाब से तय की गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी समेत मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षकों की टीम बनाकर सफाई व्यवस्था कराई जा रही है। फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, सैनिटाइजेशन भी किया जा रहा है।

संबंधित समाचार