सीतापुर: हालत में सुधार के बाद फिर सीतापुर जेल शिफ्ट किए गए आजम खां
सीतापुर। लखनऊ के मेदांता हास्पिटल में इलाज करा रहे सांसद आजम खां को डिस्चार्ज होने के बाद शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीतापुर जेल वापस लाया गया है। दोपहर बाद ठीक साढ़े तीन बजे सांसद आजम खां को सीतापुर जेल की तन्हाई बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक रामपुर …
सीतापुर। लखनऊ के मेदांता हास्पिटल में इलाज करा रहे सांसद आजम खां को डिस्चार्ज होने के बाद शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीतापुर जेल वापस लाया गया है। दोपहर बाद ठीक साढ़े तीन बजे सांसद आजम खां को सीतापुर जेल की तन्हाई बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक रामपुर के सांसद व सपा के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री आजम खां 27 फरवरी 20 को रामपुर से सीतापुर जेल लाए गए थे। यहां उनके साथ उनकी विधायक पत्नी तंजीन फात्मा, बेटा अब्दुल्ला आजम भी बंद थे। सांसद की पत्नी जमानत मिलने के बाद रिहा हो गई थीं, लेकिन सांसद आजम खां और उनके बेटे अब्दुला आजम सीतापुर में बंद हैं। इसी बीच सांसद और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम मई में कोविड पॉजिटिव हो गए थे। जिसके बाद दोनों लोगों को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया था। वहां से इलाज के बाद जुलाई में दोनों लोगों को वापस लाया गया था। जिसके बाद कुछ दिनों बाद सांसद आजम खां की हालत फिर से बिगड़ गई थी। फेफड़ों में संक्रमण के चलते सांसद आजम खां को गंभीर हालत में मेदांता अस्पताल ले जाया गया था। जहां उनका अभी तक उपचार चल रहा था। हालत में सुधार होने के बाद शुक्रवार को फिर से सांसद आजम खां को सीतापुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां उनके बेटे अब्दुल्ला आजम पहले से ही जेल में बंद हैं।
तन्हाई बैरक में रखे जाएंगे आजम खां
जेल सूत्रों के मुताबिक सांसद आजम खां को रामपुर से सीतापुर जेल शिफ्ट किए जाने के बाद उन्हें यहां की तन्हाई बैरक में रखा गया था। उनके बेटे अब्दुल्ला भी साथ में बंद थे। शुक्रवार को लखनऊ से वापसी के बाद उन्हें उसी तन्हाई बैरक में रखा गया है। सूत्र बताते हैं कि तन्हाई बैरक जेल के अलग हिस्से में बनी है। बैरकें काफी पुरानी हैं। आजम खां पहले भी शिकायत कर चुके हैं, कि जिन बैरकों में उन्हें रखा गया। उनकी हालत ठीक नहीं है। वहां कीड़े-मकोड़े निकलते हैं।
भारी सुरक्षा के बीच सीतापुर लाए गए आजम
सांसद आजम खां को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीतापुर जेल लाया गया है। उनके साथ एक क्षेत्राधिकारी, इंस्पेक्टर सहित पुलिस की पांच गाड़ियों में सवार भारी पुलिस फोर्स लखनऊ से सीतापुर तक के लिए लगी हुई थी। इस दौरान जेल को भी छावनी में तब्दील कर दिया गया था। जेल गेट से लेकर सड़क तक भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। एसडीएम सदर अमित भट्ट, सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस व पीएसी बल तैनात रहा।
