रामपुर: फर्जी प्रमाण पत्र से चुनाव जीती महिला ग्राम प्रधान और बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्वार (रामपुर), अमृत विचार। फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर ग्राम पंचायत का चुनाव लड़कर जीत हासिल करने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर ग्राम प्रधान सहित उसके पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। लगातार फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर चुनाव लड़ने के मामले प्रकाश में आते जा रहे …

स्वार (रामपुर), अमृत विचार। फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर ग्राम पंचायत का चुनाव लड़कर जीत हासिल करने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर ग्राम प्रधान सहित उसके पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

लगातार फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर चुनाव लड़ने के मामले प्रकाश में आते जा रहे हैं। फर्जी प्रमाण पत्रों के मामले में पहले ही स्वार टांडा से विधायक चुने गए अब्दुल्ला आजम फंसे हुए हैं। जेल काट रहे हैं। नया मामला तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत केशोंगली का है। गांव निवासी दिलदार हुसैन ने निर्वाचित ग्राम प्रधान शकुंतला पत्नी भूकन पर फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर पंचायत चुनाव लड़कर जीत हासिल करने का आरोप लगाते हुए उनकी जीत को न्यायालय में चुनौती दी।

न्यायालय में पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर नव निर्वाचित प्रधान का जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। जिस पर न्यायालय ने कोतवाली पुलिस को ग्राम प्रधान शकुंतला व उसके बेटे सोहन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। शुक्रवार की देर शाम पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दिलदार हुसैन की ओर से ग्राम प्रधान शकुंतला पत्नी भूकन व उसके बेटे सोहन सिंह पुत्र भूकन पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाकर पंचायत चुनाव लड़कर जीत दर्ज करने एवं शिकायत करने पर प्रधान पुत्र सोहन सिंह द्वारा गाली गलौच व जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट धारा 420,467, 468,471,504,506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।

सूचना मिलते ही प्रधान शकुंतला सहित उनके समर्थकों में निराशा फैल गई जबकि विपक्ष दिलदार हुसैन व उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। कार्यवाहक कोतवाल विनीत कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर ग्राम पंचायत केशोंनगली की महिला ग्राम प्रधान शकुंतला व उसके बेटे सोहन सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

संबंधित समाचार