बरेली: एलाइजा टेस्ट में दो में डेंगू की पुष्टि, 28 निकले मलेरिया के मरीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण के बाद मलेरिया और डेंगू ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को लखनऊ से पांच सैंपलों की रिपोर्ट में दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं 28 मामले मलेरिया के निकले हैं जिसमें से 25 लोग प्लाज्मोडियम वाईवैक्स व तीन लोगों में प्लाज्मोडिय फाल्सीपेरम …

बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण के बाद मलेरिया और डेंगू ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को लखनऊ से पांच सैंपलों की रिपोर्ट में दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं 28 मामले मलेरिया के निकले हैं जिसमें से 25 लोग प्लाज्मोडियम वाईवैक्स व तीन लोगों में प्लाज्मोडिय फाल्सीपेरम की पुष्टि हुई है। डेंगू के जिन दो मरीजों की पुष्टि हुई हैं, उनमें एक मझगवां ब्लॉक व दूसरी महिला बिथरी चैनपुर ब्लॉक की निवासी है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना के बाद मलेरिया से निपटना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन गया है। मानसून के बाद वायरल, फैल्सीपेरम मलेरिया, डेंगू सहित अन्य बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। जिले के नौ ब्लाक संक्रामक बीमारियों के चलते हाई अलर्ट पर हैं। लगातार बढ़ते मरीजों की वजह से सीएमओ की ओर से एहतियातन 300 बेड अस्पताल को भी रिजर्व कर दिया गया है। यहां डेंगू मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था की गई है और जरूरत पड़ने पर मलेरिया, वायरल बुखार के मरीजों को भी यहां इलाज की सुविधा मिलेगी।

सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि जिले में बुखार के मरीजों को पर्याप्त इलाज की व्यवस्था की गई है। सीएचसी पर डेंगू के दो मरीजों को भर्ती किया जाएगा। दो से अधिक डेंगू के मरीज होने पर उनको 300 बेड अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। जिला अस्पताल के एडीएसआईसी डा. सुबोध शर्मा ने सीएमओ की बैठक में मरीजों के इलाज की रणनीति तैयार की । जिला अस्पताल में अभी बेड खाली हैं। ऐसे में मलेरिया बुखार के मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।

ओपीडी में पहुंचे 1450 मरीज
जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को मरीजों की भीड़ लगी रही। यहां सबसे अधिक मरीज फिजिशियन और चेस्ट फिजिशियन के कमरे के बाहर खड़े मिले। सुबह 9 बजे ओपीडी में डाक्टरों के पहुंचते ही कमरों के सामने भीड़ लग गई। पर्चा काउंटर पर भी कतारें लगी हुई मिली। अस्पताल प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को 1450 लोगों को परामर्श दिया गया जिसमें से 350 मरीज बुखार के थे।

निजी अस्पताल स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराएगा संदिग्धों की रिपोर्ट
निजी अस्पतालों की ओर से डेंगू व मलेरिया के नाम पर अवैध वसूली को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से निजी अस्पतालों को संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराना होगी। इस संबंध में सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि ऐसा न करने वाले निजी अस्पताल व नर्सिंग होम का पंजीकरण कार्रवाई करते हुए रद्द किया जाएगा। वहीं, निजी अस्पतालों की ओर से संदिग्ध मरीज को गुमराह कर डेंगू मलेरिया का इलाज कर वसूली करने की शिकायत पर भी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार