बरेली: बायोडीजल की फ्रेंचाइजी पर चल रहा था फिलिंग स्टेशन
बरेली, अमृत विचार। बुखारा फरीदपुर रोड पर चलने वाले अवैध पेट्रोल पंप संचालक और सेल्समैन के खिलाफ पूर्ति विभाग द्वारा कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यहां बिना लाइसेंस के पेट्रोल पंप का संचालन किया जा रहा था। पूर्ति विभाग के अधिकारियों को इसकी भनक लगी तो मौके पर जाकर छापा मार कार्रवाई …
बरेली, अमृत विचार। बुखारा फरीदपुर रोड पर चलने वाले अवैध पेट्रोल पंप संचालक और सेल्समैन के खिलाफ पूर्ति विभाग द्वारा कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यहां बिना लाइसेंस के पेट्रोल पंप का संचालन किया जा रहा था। पूर्ति विभाग के अधिकारियों को इसकी भनक लगी तो मौके पर जाकर छापा मार कार्रवाई कर पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया।
पूरा मामला बुखारा फरीदपुर रोड स्थित पटेल फिलिंग स्टेशन का है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जाकर छापा मारा तो रिटेल आउटलेट पर डीजल की डिस्पेंसिंग यूनिट से बिक्री की जा रही थी। पेट्रोल की डिस्पेंसिंग यूनिट बंद थी। जबकि 10 लीटर की कैन में पेट्रोल भरा मिला।
मौके पर मौजूद सेल्समैन सुनील यादव ने अधिकारियों को बताया कि फिलिंग स्टेशन चेतन पटेल द्वारा संचालित किया जाता है और वह उनकी गैरमौजूदगी में डीजल और पेट्रोल की बिक्री कर रहा है। जिसके बाद मालिक चेतन पटेल को बुलाकर पूछताछ की गई तो वह पेट्रोल पंप संचालित करने से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। जांच करने पर पता चला कि मुजफ्फरनगर की एक कंपनी द्वारा संचालक को बायोडीजल का कारोबार करने के लिए फ्रेंचाइजी दी गई है लेकिन पेट्रोल-डीजल बेचने के लिए किसी प्रकार का लाइसेंस नहीं दिया गया है।
इसके अलावा संचालक के पास विस्फोटक लाइसेंस या दूसरा कोई अनापत्ति पत्र नहीं मिला। लिहाजा अवैध रूप से भूमिगत टैंकों में डीजल और पेट्रोल का भंडारण कर फिलिंग स्टेशन संचालित किया जा रहा था। वहीं अब पूर्ति निरीक्षक ललित श्रीवास्तव की तहतरीर पर कैंट थाने में संचालक और सेल्समैन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
भूमिगत टैंकों का पेट्रोल डीजल किया सील
पूर्ति विभाग द्वारा कार्रवाई के दौरान दो डिस्पेंसिंग यूनिटों को तो सील किया ही गया। भूमिगत टैंकों में मौजूद करीब 2200 लीटर डीजल और 1400 लीटर पेट्रोल सील कर दिया गया। इसके अलावा पेट्रोल से भरी 10 लीटर की केन को भी सील किया गया। जांच के लिए पेट्रोल और डीजल के नूमने भी लिए गए हैं जिनकी जांच मुरादाबाद लैब में कराई जाएगी।
संचालक नहीं दिखा पाया बिक्री के अभिलेख
हैरानी की बात यह है कि लंबे समय से बिना लाइसेंस के यह पेट्रोल पंप चल रहा था। अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर पेट्रोल के डिस्पेसिंग यूनिट की रीडिंग 36967.6 और डीजल की डिस्पेंसिंग यूनिट की रीडिंग 65258.7 पाई गई। पेट्रोल पंप संचालक से बिक्री के अभिलेख मांगे गए तो निर्माण कार्य का हवाला देते हुए अधिकारियों को बताया कि बिक्री के अभिलेख मौके पर मौजूद नहीं हैं। इसके अलावा भूमिगत टैंकों के तालों की चाबी भी फर्म स्वामी ने नहीं उपलब्ध कराई।
छापा मार कार्रवाई के दौरान बुखारा फरीदपुर रोड पर बिना लाइसेंस के फिलिंग स्टेशन चलता पाया गया जिसको सील किया गया है। संचालक और सेल्समैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। -नीरज सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी
