बरेली: ऑनलाइन होंगे आवेदन, ऑफलाइन प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में परास्नातक में प्रवेश के लिए ऑनलाइन ही आवेदन लिए जाएंगे लेकिन प्रवेश ऑफलाइन होंगे। छात्रों को ऑनलाइन ही शुल्क जमा करना होगा। शनिवार को प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह व सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में प्रवेश की तैयारियों को लेकर चर्चा …

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में परास्नातक में प्रवेश के लिए ऑनलाइन ही आवेदन लिए जाएंगे लेकिन प्रवेश ऑफलाइन होंगे। छात्रों को ऑनलाइन ही शुल्क जमा करना होगा। शनिवार को प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह व सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में प्रवेश की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। जल्द ही प्रवेश के आवेदनों के लिए पोर्टल ओपन कर दिया जाएगा।

बरेली कॉलेज में स्नातक के प्रवेश लगभग पूरे हो चुके हैं। ईडब्ल्यूएस को छोड़ दिया जाए तो कुछ ही सीटें रिक्त रह गई हैं। छटवीं मेरिट जारी कर दी गई है। रविवार तक इनमें भी प्रवेश पूरे कर लिए जाएंगे। स्नातक के बाद अब परास्नातक में प्रवेश की तैयारियां तेज शुरू हो गई हैं। प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह ने बताया कि स्नातक में प्रवेश के लिए आवेदन, शुल्क और प्रवेश सभी ऑनलाइन किए गए लेकिन परास्नातक में कुछ बदलाव किया जाएगा, क्योंकि परास्नातक में पीजी फोरम समेत कई अन्य का भी चयन किया जाता है।

परास्नातक में पिछली वर्ष की भांति ही प्रवेश किए जाएंगे। छात्रों से ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन मंगाए जाएंगे। छात्रों को शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा। उसके बाद उन्हें प्रवेश लेने के लिए संबंधित विभाग में जाना होगा। उन्होंने बताया कि स्नातक में सीटें अधिक हैं। कोरोना काल में छात्रों की भीड़ न जुटे इसलिए ऑनलाइन ही प्रवेश किए गए। परास्नातक में छात्रों की संख्या कम रहती है। अलग-अलग दिनों में छात्रों को विभाग में बुलाकर आसानी से प्रवेश लिए जा सकते हैं।

परास्नातक में डबल मेरिट होगी तैयार
प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने बताया कि परास्नातक में दोहरी मेरिट तैयार की जाएगी। एक मेरिट प्रवेश समन्वयक के निर्देशन में पोर्टल के द्वारा तैयार की जाएगी और दूसरी मेरिट सभी विभागाध्यक्षों के द्वारा अपने-अपने पाठ्यक्रम की तैयार की जाएगी। दोनों का मिलान किया जाएगा ताकि किसी तरह की कोई त्रुटि न रहे। बता दें कि स्नातक में मेरिट को लेकर छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। जिसके बाद तीन सदस्यी समिति ने जांच भी की थी लेकिन किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं पायी गई थी।

परास्नातक प्रथम वर्ष की सीटें

एमए-1325
एमकॉम- 240
एमएससी-347

स्नातक की छटवीं मेरिट जारी
बरेली कॉलेज ने स्नातक की छटवीं मेरिट जारी कर दी है। बीए की मेरिट जारी नहीं की गई है, क्योंकि इसमें कुछ ही सीटें बची थीं। अभी कई छात्र शुल्क जमा करने से रह गए हैं। ऐसे में यह सीटें फुल हो जाएंगी। बीएससी गणित, जीव विज्ञान और बीकॉमक की मेरिट जारी की गई है। इस बार सीटों से कुछ संख्या अधिक बढ़ाकर मेरिट जारी की गई है ताकि कुछ छात्र प्रवेश न लें तब भी सीटें फुल हो जाएंगे। सीटें फुल होते ही किसी भी समय पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।

छटवीं मेरिट

बीएससी गणित-
सामान्य ओपन- 73.608-72.600
ओबीसी ओपन- 69.200-68.400

बीएससी जीव विज्ञान

ओबीसी ओपन- 72.021-71.753
ओबीसी महिला- 70.200-69.485

बीकॉम

सामान्य- 58.960-58.144

संबंधित समाचार