बरेली: मैस्काट कालेज की अध्यक्ष और उनके बेटे पर लूट की रिपोर्ट
बरेली/रिठौरा, अमृत विचार। रिठौरा के मैस्काट कॉलेज की अध्यक्ष ने बेटे और अपने साथी के साथ कॉलेज में जाकर निदेशक के साथ अभद्रता कर वहां रखे कागज छीन लिए। उनके बेटे पर लेखा विभाग में जाकर 1.5 लाख रुपये की लूट करने का भी आरोप है। इसके बाद अध्यक्ष के पति पर शाम को कॉलेज …
बरेली/रिठौरा, अमृत विचार। रिठौरा के मैस्काट कॉलेज की अध्यक्ष ने बेटे और अपने साथी के साथ कॉलेज में जाकर निदेशक के साथ अभद्रता कर वहां रखे कागज छीन लिए। उनके बेटे पर लेखा विभाग में जाकर 1.5 लाख रुपये की लूट करने का भी आरोप है। इसके बाद अध्यक्ष के पति पर शाम को कॉलेज में आकर गार्ड से अभद्रता कर वहां तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ने का भी आरोप लगा है। कॉलेज की सचिव की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीलीभीत रोड स्थित रिठौरा में मैस्काट कॉलेज है। कॉलेज में तैनात सुशील कुमार अग्रवाल ने बताया कि वह एसएसडी एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के सचिव पद पर तैनात हैं। उनकी सोसायटी द्वारा मैस्काट कॉलेज चलाया जा रहा है। आरोप है कि कॉलेज की अध्यक्ष सविता मेहरोत्रा, उनका पुत्र सारांश मेहरोत्रा शनिवार को 3 बजे के लगभग कॉलेज पहुंचे। इसके बाद वह कॉलेज के डायरेक्टर आलोक उपाध्याय के कक्ष में घुस गए और अभद्रता करने लगे।
जबरदस्ती उनसे बहुत से महत्वपूर्ण कागज छीन लिए और धमकी दी कि वह कॉलेज में आना बंद कर दें, नहीं तो वह उनपर दुराचार का आरोप लगाकर उन्हें जेल भिजवा देंगी। यह भी आरोप है कि सारांश मेहरोत्रा ने कॉलेज के अकाउंट विभाग में घुसकर एकाउंटेंट से डेढ़ लाख रुपए छीन लिए।
इसके बाद शाम को सविता मेहरोत्रा के पति कुछ असामाजिक तत्वों के साथ कॉलेज में घुस आए और देर रात तक कॉलेज में तोड़फोड़ कर पोस्टर फाड़ दिए। उन्होंने कॉलेज के गार्ड के साथ गाली गलौज भी किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
