बरेली: मिड टर्म की परीक्षाएं कराना होगा जरुरी
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की वजह से बीते दो सत्र से परीक्षाओं के आयोजन में दिक्कतें हो रही हैं। स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को बिना परीक्षा के ही प्रोन्नत किया गया है। भविष्य में कोरोना या अन्य कारणों की वजह से छात्रों को प्रोन्नत करने में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की वजह से बीते दो सत्र से परीक्षाओं के आयोजन में दिक्कतें हो रही हैं। स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को बिना परीक्षा के ही प्रोन्नत किया गया है। भविष्य में कोरोना या अन्य कारणों की वजह से छात्रों को प्रोन्नत करने में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए सत्र 2021-22 में मिड टर्म की परीक्षाएं आयोजित करना अनिवार्य होगा। शासन ने 13 सितंबर से विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों में सेमेस्टर और शैक्षणिक कैलेंडर शुरू होने के निर्देश जारी किए हैं। हालांकि, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालयों से संबद्ध महाविद्यालयों में अभी तक शैक्षणिक कैलेंडर शुरू नहीं हो सका है, क्योंकि यहां अभी तक परीक्षाओं का ही आयोजन हो रहा है।
सत्र 2019-20 में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कुछ परीक्षाएं हो गई थीं। बची परीक्षाएं कोरोना की वजह से रोक दी गई थीं। शासन के निर्देश पर स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया गया था। प्रोन्नत छात्रों को अगली कक्षा के अंक के आधार पर ही प्रोन्नत कक्षा के अंक दिए जाएंगे। अभी स्नातक द्वितीय और परास्नातक अंतिम वर्ष के रिजल्ट नहीं आए हैं। इसकी वजह से अभी उनके अंक पूर्व की कक्षाओं के अंक भी निर्धारित नहीं हो सके हैं।
इसी तरह से सत्र 2020-21 में भी स्नातक प्रथम और परास्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षाएं निरस्त कर दी गईं। इन छात्रों को भी अगली कक्षा में प्रोन्नत कर दिया गया। इन्हें भी अगली कक्षा के अंकों के आधार पर ही अंक दिए जाएंगे। दो साल से कोरोना की वजह से हो रही दिक्कतों के चलते शासन ने इस बार मिड टर्म परीक्षाएं अनिवार्य कर दी हैं। नई शिक्षा नीति के तहत भी मिड टर्म परीक्षाएं आयोजित करायी जाएंगी। यदि किन्हीं कारणों से मुख्य परीक्षा के आयोजन में दिक्कत हुई तो मिड टर्म परीक्षा के आधार पर अगली कक्षा में प्रोन्नति दे दी जाएगी।
इस तरह से होंगी परीक्षाएं–
शासन ने 9 सितंबर को सेमेस्टर व वार्षिक पाठ्यक्रमों के लिए शैक्षिक कैलेंडर जारी किया है। इसके तहत 13 सितंबर से सभी पाठ्यक्रमों की कक्षाएं संचालित होनी हैं। मिड टर्म की परीक्षाएं 1 नवंबर से 10 दिसंबर 2022 के मध्य आयोजित करायी जाएंगी। पूर्व में अध्यनरत छात्रों की प्रथम टर्न की परीक्षाएं 1 नवंबर से 10 दिसंबर और द्वितीय टर्म की परीक्षाएं फरवरी 2022 में आयोजित करायी जाएंगी। 20 अगस्त 2022 तक सभी परीक्षाओं के रिजल्ट जारी करने होंगे।
