हल्द्वानी: सीजन में भारी कमाई के बावजूद कर्मचारियों का वेतन नहीं दे पा रहा रोडवेज
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोनाकाल में भारी नुकसान झेल रहे रोडवेज के लिए त्योहारी सीजन कमाई के मामले में सौगात लेकर आए। त्योहार शुरू होने के साथ ही रोडवेज की कमाई भी बढ़ गई लेकिन कर्मचारियों के वेतन के लाले अब भी जारी हैं। अगस्त माह में हुई बंपर आय के बाद भी कर्मचारियों को वेतन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोनाकाल में भारी नुकसान झेल रहे रोडवेज के लिए त्योहारी सीजन कमाई के मामले में सौगात लेकर आए। त्योहार शुरू होने के साथ ही रोडवेज की कमाई भी बढ़ गई लेकिन कर्मचारियों के वेतन के लाले अब भी जारी हैं। अगस्त माह में हुई बंपर आय के बाद भी कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया है।
अगस्त माह में रक्षाबंधन त्योहार था। इस दौरान लोगों ने बसों में जमकर सवारी की। कई दिनों से घरों में दुबके लोग घरों से बाहर निकले। इससे रोडवेज की अतिरिक्त आय भी हुई। आलम यह था कि रोडवेज को त्योहारी सीजन निपटाने के लिए अतिरिक्त बसें भी लगानी पड़ीं। इस दौरान रोडवेज को करीब दो करोड़ से ज्यादा की आय हुई।
इससे निगम में काम करने वाले कर्मचारियों ने सोचा कि अब रोडवेज उनको समय पर वेतन देगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जहां तक कर्मचारियों के वेतन की बात है तो निगम के कर्मचारियों को बहुत दिनों के बाद जुलाई माह के बाद वेतन दिया गया था। वेतन देने में हो रही लेट लतीफी पर निगम के उच्चाधिकारियों ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया था कि त्योहारी सीजन में आय बढ़ने के बाद वेतन सही समय पर आने लगेगा। इधर रोडवेज यूनियन के वरिष्ठ नेता कमल पपनै ने बताया कि अगस्त माह का वेतन अभी तक नहीं मिला है। यही नहीं सितंबर माह का भी वेतन सही समय पर मिलेगा इसका पता नहीं है।
जबकि अगले माह से फिर से त्योहारी सीजन शुरू हो रहा है। नवरात्र, दशहरा, धनतेरस और दीवाली जैसे त्योहार पर जहां रोडवेज की बंपर आय होगी वहीं निगम कर्मचारियों को भी अपने परिवार में त्योहारों को मनाने के लिए सही समय पर वेतन की जरूरत होगी। इधर निगम के एक कर्मचारी का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने का सबसे बड़ा नुकसान यह होता है कि कर्जा लेकर परिवार चलाना पड़ता है। और जब वेतन मिलता है तो उसका ज्यादा हिस्सा कर्ज चुकान में ही चला जाता है। इधर आरएम यशपाल सिंह ने बताया कि कुछ वजहों से वेतन रूक गया है लेकिन समय पर वेतन दिए जाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
तेल के बढ़ते दामों से हो रहा है घाटा
हल्द्वानी। रोडवेज के कर्मचारियों का कहना है कि एक ओर जहां कोरोना की वजह से मंदी चल रही है वहीं दूसरी ओर तेलों के दाम हो रही बढ़ोत्तरी की वजह से बसों के संचालन में दिक्कत हो रही है।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन पूर्व में भी लगातार बढ़ती तेल की कीमतों का हवाला देते हुए रोडवेज बसों के किराए में 10 प्रतिश वृद्धि की मांग कर चुका है जिससे हो रोडवेज को रहे घाटे की भरपाई हो सके।
एसीपी कटौती की रिकवरी न करने से नाराज हैं कर्मचारी
जहां एक ओर रोडवेज कर्मचारियों को वेतन देर से मिल रहा है वहीं दूसरी ओर कर्मचारी एसीपी कटौती की रिकवरी न करने से भी नाराज हैं। रोडवेज कर्मचारी इस मामले में न्यायालय की शरण में जाने की भी तैयारी कर रहे हैं।
