बरेली: रहपुरा चौधरी में बाइक सवारों ने लोगों पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां
बरेली, अमृत विचार। रहपुरा चौधरी में मंगलवार की देर रात बाइक पर सवार पांच लोगों ने एक व्यक्ति से मारपीट करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गयी। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। एक संप्रदाय विशेष के लिए अपशब्द कहते हुए आरोपियों ने चार राउंड गोलियां चलायीं। हालांकि गोलियां किसी …
बरेली, अमृत विचार। रहपुरा चौधरी में मंगलवार की देर रात बाइक पर सवार पांच लोगों ने एक व्यक्ति से मारपीट करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गयी। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। एक संप्रदाय विशेष के लिए अपशब्द कहते हुए आरोपियों ने चार राउंड गोलियां चलायीं। हालांकि गोलियां किसी को नहीं लगीं।
बदमाशों के खिलाफ तहरीर सौंपी गयी हैं। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के परतापुर चौधरी के रहने वाले मुशर्रफ ने बताया कि मंगलवार देर रात अचानक महलो वाली रोड से दो बाइकों पर पांच लोग पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद बाइक सवारों ने वहां मौजूद भीड़ पर तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। इसमें मुशर्रफ बाल-बाल बच गए। सभी बाइक सवार रहपुरा चौराहे पर पहुंचे जहां आरोपियों ने नारेबाजी करते हुए गालीगलौच की।
इसके बाद इलाके में स्थित एक मिठाई की दुकान के सामने लोगों पर फायरिंग की। जिसमें यासर व आमिर नाम के युवक बाल-बाल बचे। पीड़ितों ने इज्जतनगर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि गांव के लोगों ने एक बाइक सवार की पहचान कर ली है। बाकियों की तलाश भी की जा रही है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बाइक सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सतीश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गयी है।
