बरेली: पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला, दो गिरफ्तार
बहेड़ी, अमृत विचार। जीवन बीमा निगम दफ्तर के पास हाईवे किनारे कार खड़ी कर कुछ लोग शराब पी रहे थे और तेज आवाज में गाने सुन रहे थे। गश्त कर रही पुलिस ने उन्हें टोक दिया। इससे गुस्साए युवकों ने लाठी-डंडों से पुलिस कर्मियों पर हमला कर पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे कुछ …
बहेड़ी, अमृत विचार। जीवन बीमा निगम दफ्तर के पास हाईवे किनारे कार खड़ी कर कुछ लोग शराब पी रहे थे और तेज आवाज में गाने सुन रहे थे। गश्त कर रही पुलिस ने उन्हें टोक दिया। इससे गुस्साए युवकों ने लाठी-डंडों से पुलिस कर्मियों पर हमला कर पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे कुछ अन्य पुलिस कर्मियों की मदद से दो हमलावरों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस कर्मी मनोज कुमार ट्रेनी उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार के साथ गश्त कर रहे थे। हाईवे किनारे खड़ी वह एक कार के पास पहुंचे। जहां तेज आवाज में लोग शराब पीते हुए गाने सुन रहे थे। पुलिस ने उन्हें टोकते हुए गाने बंद कर बाहर निकलने के लिए कहा।
इस दौरान आरोपी अपनी गलती मानने के बजाय उल्टे पुलिस से भिड़ गए। नशे में धुत आरोपियों ने पुलिसकर्मी मनोज के साथ मारपीट की। जिस कारण उनके शरीर में गुम चोट आई। वहीं आरोपियों ने उनकी वर्दी भी फाड़ दी। इस दौरान थाना फोर्स बुला लिया। मौके पर पहुंची थाना फोर्स ने आरोपी चरन सिंह निवासी गांव पिंदारी अशोक और करन सिंह को दबोच लिया, जबकि उनके दो अन्य साथी मौके से भाग गये। पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले आई।
वहीं कार को कब्जे में लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से अभद्रता, सरकारी काम में बाधा डालने, धमकाने, मारपीट व गाली-गलौज के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफतार करने को पुलिस दबिश दे रही है।
हमलावरों ने एसआई का तोड़ दिया मोबाइल
हमलावर जब पुलिस कर्मियों पर हमला कर रहे थे इस दौरान हाईवे पर गुजर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान एक आरोपी ने आरक्षी अंकुर तोमर का मोबाइल जमीन पर फेंक कर मारा। जिस कारण उनका मोबाइल टूट गया। वहीं कुछ लोग दूर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बनाते रहे।
