झमाझम बारिश से अयोध्या बेहाल, दो की मौत, जनजीवन अस्त-व्यस्त
अयोध्या। जिले में 24 घंटे की झमाझम बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। जिले में दीवार गिरने से अलग-अलग दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। जुड़वा शहर अयोध्या-फैजाबाद में बिजली और पानी को लोग तरस गए। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव है और कुछ इलाकों में घरों …
अयोध्या। जिले में 24 घंटे की झमाझम बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। जिले में दीवार गिरने से अलग-अलग दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। जुड़वा शहर अयोध्या-फैजाबाद में बिजली और पानी को लोग तरस गए। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव है और कुछ इलाकों में घरों में भी पानी घुसा है। अयोध्या येलो अलर्ट पर है। जिलाधिकारी ने दो दिन तक आठवीं तक के स्कूल बंद कर दिए हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भी खासा असर पड़ा है। शहर में जल निकासी व्यवस्था की पोल भारी बारिश में खुल गई। आलम यह है कि नगर विधायक के आवास के बाहर नाव चलने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
बुधवार शाम 6 बजे से शुरू हुई बारिश गुरुवार देर रात तक जारी रही। इस दौरान जगह-जगह जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली के खंभे गिरने की सूचना प्राप्त हुई। तारों के टूटने की वजह से बिजली व्यवस्था चरमरा गई, जिससे पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई। अयोध्या के रायगंज इलाके का बहुत बुरा हाल था। यही नही जलवानपुरा कॉलोनी के लोग अपने -अपने घर छोड़कर रोड पर आ गए। कॉलोनीवासियों का कहना था कि सरकार कोई भी कभी कोई काम नही हुआ। दो साल पहले शुरू हुआ सीवर का कार्य आज तक पूरा नही हो पाया। नगर आयुक्त विशाल सिंह पर भी गड्ढे खोदवाकर छोड़ देने का आरोप लगाया गया।
वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन के समय चमचमा रहे रेलवे स्टेशन की स्थिति तो देखने वाली थी। जहां पानी चौतरफा भरा हुआ था। जलभराव की समस्या से तो लोग त्राहि त्राहि कर रहे हैं। कई घरों में पानी घुस जाने से लोग बेहाल दिखे। नालियां उफान पर थीं, जिस कारण पानी घरों में घुस गया। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के घर के बाहर भी काफी जलभराव हो गया है। स्थिति नौका चलने वाली लग रही थी। गलियों की स्थिति तो बाद से बदतर हो गई हैं। तारों के टूट जाने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। घरों के इन्वर्टर भी बैठ गए, जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण फसलों को भी नुकसान पहुँचा है। गन्ने और धान की फसलें प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें आ गई है। वहीं शहर में गुरुवार को साप्ताहिक बाजार बन्द होने से व्यापार पर फिलहाल ज्यादा असर नहीं पड़ा। सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की आमद कम रही।
दीवार ढहने से अलग-अलग दो की मौत
जिले में दीवार गिरने से अलग-अलग दो मौतें हुई हैं और 2 लोग जख्मी हुए हैं। पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा पुलिस चौकी के पास दोस्त पुर गांव में बुधवार आधी रात के आस-पास तेज बारिश के दौरान समूचा मकान ढह गया। घटना में दीवार के नीचे दबकर 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बच्चे और 65 वर्षीय वृद्धा घायल हो गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
दोस्तपुर गांव निवासी जन्नू का मकान गांव दक्षिण तरफ है। जहां पर वह गरीबी में कच्ची दीवार के सहारे छप्पर का मकान बनाकर रह रहे थे। बुधवार देर रात मूसलाधार बारिश के दौरान समूचा मकान ढह गया। दीवार के नीचे दबकर जन्नू की 50 वर्षीय माता निर्मला की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 12 वर्षीय बेटा और 65 वर्षीय दादी राजदेई घायल हैं। वही लगातार हो रही बारिश से कच्ची दीवार गिरने से 9 वर्षीय बालिका की मौत थाना इनायतनगर के देवगिरी गांव में हुई है।
