लखनऊ: भारी बारिश को लेकर CM योगी ने अधिकारियों को भेजा फील्ड पर, तलब की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बारिश ने अब तबाही मचानी शुरू कर दी है। इस बीच शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बारिश से हुए नुकसान का अनुमान लगाने के लिए फील्ड पर जाने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि नगर निकाय और पंचायती राज के सभी अधिकारी और …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बारिश ने अब तबाही मचानी शुरू कर दी है। इस बीच शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बारिश से हुए नुकसान का अनुमान लगाने के लिए फील्ड पर जाने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि नगर निकाय और पंचायती राज के सभी अधिकारी और कर्मी फिल्ड में उतर कर रिकॉर्ड तोड़ बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा लें और लोगों को समुचित राहत पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निकाय को यह भी निर्देश दिया है कि जलजमाव के कारण कोई रोग ना फैले इसके लिए यथोचित उपाय करें।

नुकसान का आंकलन हो…

सीएम ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए। इसके साथ ही जल जमाव की स्थिति में पानी को निकालने की प्राथमिकता पर व्यवस्‍था करवाई जाए। लगातार हो रही मूसलाधार तेज बारिश के चलते सड़कें तालाब बन गई हैं और लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण इसका असर उत्तर प्रदेश के जिलों पर नजर आ रहा है। अगले दो-तीन दिनों में इसका असर कमजोर पड़ेगा तब बारिश का दौर थमेगा।

इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, जालौन, बरामपुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में आज भारी बारिश की संभावना जताई है। बाराबंकी में बारिश का कहर थमता नहीं दिख रहा है। वहां बीते कई घंटों से लगातार बारिश हो रही है। साथ ही कई इलाकों में घरों की दीवार ढह गईं है। बाराबंकी में बारिश के कहर से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

संबंधित समाचार