बाराबंकी: बारिश ने खोली नगर पंचायत फतेहपुर की पोल, जानें पूरा मामला…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी।  बीते मंगलवार से हो रही बारिश ने फतेहपुर नगर पंचायत में साफ सफाई की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। नालियां चोक होने से पटेल नगर स्थित कई दुकानों में गंदा पानी भर गया है, जिससे दुकानदारों का काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।  जिसके चलते दुकानदारों में नगर पंचायत के प्रति काफी रोष …

बाराबंकी।  बीते मंगलवार से हो रही बारिश ने फतेहपुर नगर पंचायत में साफ सफाई की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। नालियां चोक होने से पटेल नगर स्थित कई दुकानों में गंदा पानी भर गया है, जिससे दुकानदारों का काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।  जिसके चलते दुकानदारों में नगर पंचायत के प्रति काफी रोष व्याप्त है। गौरतलब है कस्बे के कई वार्डों में घुटनों तक पानी भरा हुआ है। सड़कों का हाल भी बद से बदतर हो गया है। जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में नगर पंचायत क्षेत्र को बरसात के मौसम में नाली व नालों की सफाई कराने का यथाशीघ्र निर्देश दिया गया था। लेकिन कुछ जगहों पर तैनात कर्मचारियों ने साफ-सफाई की खानापूर्ति करते हुए जिम्मेदारी से इतिश्री कर ली है।

बारिश खत्म होने के घंटों बाद सड़कों एवं गलियों से पानी उतरने के बाद चारों तरफ कचरा पसर गया है। जिससे लोगों को आने जाने में भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ा रहा है। इस विषय पर नगर वासियों ने बताया कि इस मौसम में पहली बार हुई इतनी तेज बारिश ने नगर की सूरत ही बिगाड़ दी है। अगर और बारिश हुई तो नालियों का गंदा पानी सड़क और गलियों के बजाय लोगों के घरों में पहुंचने लगेगा।

नगर पंचायत नालापार दक्षिणी वार्ड (1) में रहने वाले अनिल कुमार, हरिनाम, सागर, राजकुमार यादव, गुड्डू, सिराज, जाबिर, अशोक कुमार, महफूज सुरेश कुमार आदि लोगों ने मौजूदा सभासद मो0 राहिल पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोहल्ले में कुछ समय पहले बारिश का पानी सरलता के साथ निकलकर मोहल्ले से कुछ दूरी पर स्थित राजा ताली तालाब में गिरता था। जबकि उस स्थान पर मौजूदा सभासद मो. राहिल की मिलीभगत से, पानी निकास की जगह पर सभासद के कुछ करीबी लोगों ने अवैध निर्माण कर लिया है। जिसके चलते बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है।  जिससे आम जनमानस को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

वहीं वार्ड में गंदे पानी भरने की वजह से मलेरिया डेंगू जैसी संक्रामक रोगों  का खतरा बढ़ गया है। जिसको लेकर नगर पंचायत अधिकारी व मौजूदा सभासद मूलभूत व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं हैं। इस विषय पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी आदित्य प्रकाश से बात की गई तो उन्होंने बताया समस्या की जानकारी हुई है। सुपरवाइजर आफताब आलम को दिशा निर्देशित किया गया है। जिसमें यथाशीघ्र जांच कर अवैध अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई करते हुए समस्या का निस्तारण कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार