रायबरेली: संदिग्ध हालात में मिला किशोरी का शव, एक दिन पहले हुआ था दुष्कर्म का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली। थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक किशोरी का शव कमरे के अंदर साड़ी के सहारे छत के कुंडे से लटकता पाया गया। एक दिन पहले मृतका के पिता ने गांव के ही एक युवक के विरुद्ध बेटी के साथ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं आरोपी की …

रायबरेली। थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक किशोरी का शव कमरे के अंदर साड़ी के सहारे छत के कुंडे से लटकता पाया गया। एक दिन पहले मृतका के पिता ने गांव के ही एक युवक के विरुद्ध बेटी के साथ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं आरोपी की बहन ने यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी कि किशोरी के पिता ने अपनी पुत्री की हत्या कर दी है । सूचना पाकर सीओ लालगंज व इंस्पेक्टर खीरों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पुलिस को प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

कमालपुर निवासी एक पिता ने बताया कि शुक्रवार को सुबह वह अपने परिजनों के साथ खेत में काम कर रहे थे। उसकी 13 साल की बेटी घर में अकेली थी। लगभग 10:30 बजे जब वह खेत से वापस घर पहुंचा तो उसने बेटी का शव साड़ी के सहारे कमरे के अंदर छत के कुंडे से लटक रहा था। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। शोर शराबा सुनकर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से शव नीचे  उतारा गया।

गुरुवार को सुबह लगभग 5:30 बजे किशोरी नित्यक्रिया के लिए बाहर गई थी। आरोप है कि इस दौरान गांव के ही अनिल कुमार ने अश्लील हरकतें करते हुए किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। जिसके सम्बन्ध में पिता ने अपने गांव के ही अनिल कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया था। इसी वजह से अनिल कुमार की बहन ने यूपी 112 पर पुलिस को यह झूठी सूचना दी कि सौम्या के पिता नेवल कुमार ने बेटी की हत्या कर दी है।

सूचना मिलते ही भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे सीओ लालगंज डॉ अन्जनी कुमार चतुर्वेदी व प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर प्रजापति ने घटना की जांचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ डॉ अन्जनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन शव के शरीर में कहीं कोई निशान नहीं है। इसलिए मामला संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

संबंधित समाचार